अखवाना मुद्दे पर राजनीति न करें नेता: व्यापार मंडल
दो दिन पहले पूर्व कैबिनेट मंत्री मास्टर मोहन लाल ने पुलिस की भूमिका पर उठाए थे सवाल
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। व्यापारियों ने गांव अखवाना मुद्दे पर नेताओं की राजनीति न करने की नसीहत दी है। साथ ही पेप्सिको प्रोजेक्ट के समर्थन का एला किया है।
गौरतलब है कि गांव अखवाना में पेप्सिको कंपनी और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद के बाद पुलिस की कार्रवाई पर पूर्व कैबिनेट मंत्री मास्टर मोहन लाल ने सवाल उठाते इसे निंदनीय बताया था। इसके बाद व्यापार मंडल पठानकोट ने बैठक कर इसे राजनीतिक स्टंट बताया। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने मास्टर मोहन लाल का नाम लिए बिना कहा कि गांव अखवाना के मुद्दे पर कुछ लोग अपनी राजनीति चमकाने में लगे हुए हैं और उल्टी-सीधी बयानबाजी कर रहे हैं, जोकि दुर्भाग्यपूर्ण है। चेयरमैन भारत महाजन, प्रधान वेद प्रकाश, राष्ट्रीय संगठन मंत्री एलआर सोढी, महासचिव अमित नैय्यर ने कहा कि जिला ही नहीं देश हितैषी पेप्सिको प्रोजेक्ट का व्यापार मंडल समर्थन करता है। व्यापारी नेताओं ने कहा कि पेप्सिको को चाहिए कि वह गांव के युवाओं को रोजगार दे और नेता राजनीति चमकाने के लिए बयानबाजी न करें। बैठक में फैसला किया गया व्यापार मंडल डाकखाना चौक में स्वतत्रंता दिवस समारोह आयोजित करेगा। इस मौके पर कैशियर राजेश पुरी, मनू महाजन, राजेश शर्मा, सुनील महाजन, दविन्द्र सिंह मौजूद थे।