नशा न मिलने से 20 वर्षीय युवक की मौत
-घर का इकलौता था, नशे से गांव में दूसरी मौत
अमर उजाला ब्यूरो
तरनतारन। नशे के कारण तरनतारन जिले में युवाओं की लगातार जान जा रही है। गांव भुच्चर में 20 वर्षीय युवक बलजिंदर सिंह की नशा न मिलने के कारण मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह कुछ दिनों से नशा न मिलने के कारण बीमार था। विधान सभा हलका तरनतारन के गांव भुच्चर कलां में 15 जुलाई को जजबीर सिंह नामक युवक की मौत हुई थी। गांव में बनी डैपो टीम ने लोगों को जागरूक करने के लिए गांव गई थी। इस दौरान घबराहट में आकर जजबीर सिंह की जान चली गई थी। वहीं, बुधवार को बलजिंदर सिंह नामक युवक की मौत होने से गांव वाले सदमे है। यह युवक पांच वर्ष से नशे का आदी था। परिवार वाले उसे कई बार इलाज के लिए अस्पताल ले गए। लेकिन वह दोबारा नशे की लत में पड़ गया था। मृतक युवक के पिता सुच्चा सिंह ने बताया कि उन्होंने अपने इकलौते बेटे को कई बार नशा छोड़ने के लिए कहा, लेकिन गांव की बुरी सोसाइटी के कारण वह नशा नहीं छोड़ पाया। तीन दिन से नशा न मिलने कारण बलजिंदर सिंह बीमार था, जिसने बुधवार को दम तोड़ दिया। सुच्चा सिंह ने कहा कि नशे के कारण उसके इकलौते बेटे की मौत हो गई। प्रशासन को चाहिए कि किसी और युवक की नशे से जान न जाए। इसके लिए ठोस कार्रवाई की जाए।