सरहदी जिलों के उद्योगों को विशेष रियायतें दी जाएं : जाखड़
पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रधान ने केंद्र सरकार पर लगाया पक्षपाती व्यवहार का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रधान और गुरदासपुर से लोक सभा सदस्य सुनील जाखड़ ने मंगलवार को जारी एक प्रेस रिलीज में कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के पंजाब के प्रति पक्षपाती व्यवहार के कारण पंजाब को औद्योगिक विकास के लिए पड़ोसी राज्यों के समान मौके नहीं मिल रहे हैं। जाखड़ ने कहा कि हिमाचल और जम्मू कश्मीर को दिए विशेष दर्जे के कारण पंजाब में इंडस्ट्री लगनी बंद हो गई है, बल्कि पंजाब में पहले से लगी इंडस्ट्री भी पड़ोसी प्रदेशों में पलायन कर रही है। उन्होंने मांग उठाई कि सभी प्रदेशों क एक समान औद्योगिक विकास के लिए लाजिमी है कि पंजाब को भी पड़ोसी राज्यों की तर्ज पर विशेष औद्योगिक क्षेत्र का दर्जा दिया जाए, जिससे पंजाब से इंडस्ट्री का पलायन रुक सकेे और पंजाब में नए उद्योग लग सकें। जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सालाना 2 करोड़ नौकरियां देने के भरोसों के साथ 2014 में सरकार बनाई थी लेकिन भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार यह वादा पूरा करने में नाकाम रही है। जाखड़ ने कहा कि पंजाब देश की खडग भुजा है। इस की सीमा पाकिस्तान के साथ लगती है। इस लिए इस राज्य के नौजवानों को रोजगार के मौके उपलब्ध करवाने के लिए केंद्र सरकार को सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी मांग है कि पंजाब के सरहदी जिलों में उद्योगों को विशेष रियायतें दी जाएं। सुनील जाखड़ ने कहा कि पिछली अकाली भाजपा सरकार जाते समय पंजाब पर करोड़ों का कर्ज था। फिर भी पंजाब सरकार ने राज्य में औद्योगिक नीति बना कर लागू की है लेकिन केंद्र के भेदभाव बंद होने तक एक समान विकास संभव नहीं है।