संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। बाइक सवार दो लुटेरों ने मंगलवार दोपहर भगतांवाला दाना मंडी के निकट कबाड़ी से पिस्तौल के बल पर 40 हजार रुपये लूट लिए। लुटेरों ने दानामंडी के पास वारदात को अंजाम दिया। एसीपी (डी.) गुरिंदरपाल सिंह नागरा ने बताया कि कबाड़ी स्कूटी पर जा रहा था। जब वह भगतांवाला दानामंडी के पास पहुंचा, तो बाइक सवार दो लुटेरों ने उसे घेर लिया।
पुलिस वारदात स्थल के आसपास इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं, लूट की एक अन्य वारदात में स्कूटी सवार तीन लुटेरों ने एक वृद्धा के कानों से सोने की बालियां झपट लीं। मोहकमपुरा थानाक्षेत्र न्यू प्रीत नगर निवासी आशा देवी (58) मंगलवार दोपहर को अपने पोते यक्षित को स्कूल से लेकर घर लौट रही थी। इस दौरान स्कूटी पर तीन युवकों ने पीछा करना शुरू कर दिया। युवकों ने उससे किसी का पता पूछा और इस बीच ही एक्टिवा के पीछे बैठे दो युवक महिला के पास पहुंच गए। उन्होंने कानों में सोने की बालियां निकाल लीं और फरार हो गए। इसमें महिला जख्मी हो गई और उसे नजदीक के ही एक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।