सिखों ने देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई :मोदी
अमृतसर। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ आज खालसा कॉलेज गवर्निंग काउंसिल के सात सदस्यीय शिष्टमंडल ने संसद भवन में मुलाकात की। इस अवसर पर गवर्निंग काउंसिल के आनरेरी सचिव राजिंदर मोहन सिंह छीना ने सिखों की बड़े लंबे समय से चली आ रही मांग करतारपुर कॉरिडोर को खोलने की पहल करने के लिए केंद्र सरकार विशेषकर नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करने व वर्ष 1984 में हुए अल्पसंख्यक सिख कत्लेआम के आरोपियों को सजा व पीड़ितों को इंसाफ दिलाने के अलावा अल्पसंख्यक समुदाय की अन्य दरपेश मुश्किलों पर विचार चर्चा की। मोदी के साथ 25 मिनट से अधिक समय की मीटिंग करने के बाद शिष्टमंडल ने देश के वित्त मंत्री अरुण जेटली से भी मुलाकात की। छीना की अगुवाई में दिल्ली पहुंचे इस शिष्टमंडल में काउंसिल के संयुक्त सचिव गुनबीर सिंह, अजमेर सिंह हेर, राजबीर सिंह, सरदूल सिंह मनन, खालसा कॉलेज के प्रिंसिपल डा. महिल सिंह, अंडर सचिव डीएस रटौल भी मौजूद थे।