‘चालक ही नहीं पैदल चलने वाले भी मानें नियम’
ट्रैफिक एजुकेशन सेल ने स्कूली बच्चों को किया जागरूक
पठानकोट।
शहीद कांस्टेबल अजय सिंह पठानिया सरकारी हाई स्कूल कानवां में ट्रैफिक एजुकेशन सेल की तरफ से ट्रैफिक सेमिनार लगाया गया। इस दौरान बच्चों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देने के लिए विशेष रूप से सेल के इंचार्ज एएसआई देव राज उपस्थित हुए। एएसआई देव राज व एचसी मंजीत सिंह ने संयुक्त रूप से बच्चों को ट्रैफिक नियमों संबंधी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वाहन चालक ही नहीं बल्कि पैदल जा रहे लोगों को भी ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो बच्चे ऑटो या बसों में स्कूल आते जाते हैं वे ओवरलोड वाहन में सफर न करें, ऐसे में सड़क दुर्घटना का भय रहता है। उन्होंने कहा कि बच्चे सड़क पार करते समय सबसे पहले दोनों तरफ देखें फिर अगर कोई वाहन न आ रहा हो तभी सड़क पार करें। इस मौके पर एचसी मंजीत सिंह, प्रिंसिपल मनीशा शर्मा, राकेश कुमार, रोहित, प्रवीन लता, दलीप सिंह उपस्थित थे।
फोटो -8- पठानकोट में ट्रैफिक एजुकेशन सेल के सदस्य बच्चों को जागरूक करते हुए।