एडवांस्ड कॉर्डियक लाइव स्पोर्ट एंबुलेंस उपकरणों की जांच
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। वीरवार सुबह विजिलेंस ने जिला पठानकोटके सिविल अस्पताल, मिनी पीएचसी, सीएचसी सहित सेहत विभाग की सभी एंबुलेंस के रिकॉर्ड की जांच की। विजिलेंस की 2 टीमों ने सुबह 6 बजे शुरू की कार्रवाई बाद दोपहर तक जारी रही। विजिलेंस ने एंबुलेंस के कागजात, आरसी, उपकरणों का निरीक्षण किया जबकि एंबुलेंस पर तैनात सभी ड्राइवर्स और फार्मासिस्टों से पूछताछ भी की। सुबह 9 बजे पठानकोट सिविल अस्पताल पहुंचे विजिलेंस इंस्पेक्टर विक्रांत सलारिया के नेतृत्व में 5 सदस्यीय टीम ने सबसे पहले एडवांस्ड कॉर्डियक लाइव स्पोर्ट एंबुलेंस की जांच की। इसमें उन्होंने ऑक्सीजन किट, कॉर्डियक कम्यूनिकेटर, एसी, पंखों को चलाकर उनके हालात को जांचा और सारी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करवाई। टीम ने एसीएलएस एंबुलेंस के ड्राइवर और फार्मासिस्ट से भी पूछताछ, जिसमें उनकी सैलरी से लेकर ज्वाइनिंग की तिथि तक का ब्योरा एकत्रित किया गया। इसके बाद टीम सिविल के मेडिसिन स्पेशलिस्ट डॉ. एमएल अत्री को साथ लेकर नरोट जैमल सिंह कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर, बधानी सीएचसी, घरोटा, घियाला के कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर में लगी एंबुलेंस की जांच करने गए। वहीं दूसरी टीम ने सुजानपुर, तारागढ़ सहित 5 पीएचसी और सीएचसी में जाकर एंबुलेंस के हालातों की जांच की। इंस्पेक्टर सलारिया ने बताया कि विजिलेंस हेड क्वार्टर से आदे श मिले थे के सभी 108 एंबुलेंस की जांच की जाए। सलारिया ने कहा कि रिपोर्ट बनाकर विजिलेंस हेड क्वार्टर को भेजी जाएगी।
फोटो:-3-सिविल अस्पताल में खड़ी एंबुलेंस की जांच करते विजिलेंस अधिकारी।