श्री करतारपुर साहिब के कॉरिडोर का क्रेडिट मुझे नही संगत की अरदास : सिद्धू
कैबिनेट मंत्री नवजोत और रंधावा एक धार्मिक समारोह में बटाला पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
बटाला। गुरुद्वारा निक्के घुमण में कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू और कैबिनेट मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा एक धार्मिक समारोह में बुधवार को पहुंचे। दोनों मंत्रियों ने पंजाब के मौजूदा हालातों को मुख्य रखते हुए अरदास भी की। गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने के बाद बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के लांघे को लेकर जो पाकिस्तान द्वारा सकारात्मक जवाब दिया है, उसका क्रेडिट केवल मुझे नहीं, बल्कि समूह सिखों की अरदासों को जाता है। सिद्धू ने कहा कि ऐसा कभी भी नहीं हुआ कि पिछले 60 साल में पाकिस्तान द्वारा करतारपुर साहिब का रास्ता खुलने की बात कही गई हो। सिद्धू ने अकाली दल पर तंज कसते हुए कहा कि अकाली दल यह बताए विधानसभा से भाग क्यों। सिद्धू ने अकालियों को रौंदू भी कह डाला। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों विधानसभा में अकाली दल इसलिए भागा था, क्योंकि उनके सामने सिद्धू खड़ा था और अकालियों सच सुनने की ताकत नहीं थी। अकाली अभी भी चुनावों में जीतने की बात करते हैं, जबकि लोगों ने उन्हें पहले भी बहुत बुरी तरह से हराया था। लोगों ने अच्छी तरह से उन्हें भगाया था। वहीं, सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि करतारपुर साहिब के खुले रास्ते को लेकर, गुरु ग्रंथ साहिब और जो धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी हुई थी, उनके आरोपियों को सजा दिलाने को लेकर अरदास की गई है, ताकि बेअदबी मामले के आरोपियों को लोगों के सामने पेश कर उन्हें सजा दिलाई जा सके। अकाली दल अब पोल-खोल रैलियां कर रहा है, भगवान उनको बुद्धी दे जो पंजाब का महौल खराब कर रहे हैं। वह ऐसा करने की बजाय सरकार का साथ दें, ताकि बरगाड़ी कांड के आरोपियों को पकड़ा जा सके। रंधावा ने आगे कहा कि परमात्मा प्रकाश सिंह बादल और उनके परिवार की लंबी उमर करे, ताकि वह यह देख सकें किन लोगों को बेअदबी के आरोप में सामने लाया गया है। क्योंकि बेअदबी अकाली सरकार के वक्त हुई थी।
फोटो- 12जीडीआरबीटीएलपी03
कैप्शन- बटाला के गुरूद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुये नवजोत सिंह सिद्घू और सुखजिंदर रंधावा