सिख शस्त्र विधिया और गतका के नाम को पेटेंट करवाने की निंदा
एसजीपीसी प्रधान लौंगोवाल ने दिल्ली की फर्म को दी चेतावनी
अमर उजाला ब्यूरो
अमृतसर। एसजीपीसी के प्रधान भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने दिल्ली की एक फर्म द्वारा सिख शस्त्र विधिया और गतके के नाम को पेटेंट करवाने की निंदा की है। भाई लौंगोवाल ने इस फर्म को चेतावनी दी है कि सिख कौम अपने इतिहास और विरासत की साथ जुड़ी पुरातन युद्ध कला के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ को सहन नहीं करेगी। यह पूरा मामला श्री अकाल तख्त साहिब के विचाराधीन है। इस अवज्ञा के लिए कौन-कौन जिम्मेदार है, इसकी जांच चल रही है। पेटेंट करवाने वाली फर्म अपनी गलती का एहसास करे और सिख कौम से माफी मांगे। कानून के मुताबिक नए अविष्कार को ही पेटेंट करवाया जा सकता है। गतका व शस्त्र विधिया किसी की निजी जागीर नहीं है। भाई लौंगोवाल ने कहा कि फर्म तुरंत अपनी गलती स्वीकार करे। एसजीपीसी इस फर्म की विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करेगी।