सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने स्पाइस जेट की दुबई-अमृतसर उड़ान से श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे यात्री से 1422 ग्राम सोना बरामद किया है। गुरदासपुर निवासी इस यात्री ने दुबई से तस्करी कर लाए गए इस सोने को बैग में सोने की वायर बनाकर छिपाया हुआ था। बरामद सोने की कीमत 74 लाख रुपये बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार इस यात्री ने बैग में सोने से तैयार की वायर के ऊपर कई तरह के कार्बन कोट किए हुए थे ताकि जांच में वह पकड़ में न आ पाएं। बैग के नीचे इन सोने की तारों को इस तरह रखा हुआ था जिससे लगता था कि वह बैग की ही वायर है। कस्टम अधिकारियों ने यात्री को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। तीन दिन पहले भी दुबई से आए दो यात्रियों से 50 लाख का सोना बरामद किया गया था।