करतारपुर कॉरिडोर के लिए करते रहेंगे प्रयास: ज्ञानी गुरबचन सिंह
अमर उजाला ब्यूरो
डेरा बाबा नानक (बटाला)। श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार सिंह साहिब ज्ञानी गुरबचन सिंह सोमवार को डेरा बाबा नानक पहुंचे। जहां उन्होंने डेरा बाबा नानक की भारत-पाक सीमा पर पहुंच कर पाकिस्तान में स्थित गुरूद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दूरबीन के द्वारा खुले दर्शन किये। उनके साथ भगवंत सिंह सियालका, भाई सुखविंदर सिंह अगवान भी थे। इस मौके पर ज्ञानी गुरबचन सिंह ने संगत के साथ मिलकर गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के खुले रास्ते के लिए अरदास की। मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए ज्ञानी गुरबचन सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानक देव के 550वें प्रकाशोत्सव के मौके पर विशेष समारोह शिरोमणि कमेटी की ओर से डेरा बाबा नानक में कराएं जाएंगे, जिनकी तैयारियों जोरों पर हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान स्थित श्री गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के इस कॉरिडोर के लिए शिरोमणि कमेटी हमेशा यत्नशील रहेगी। उन्होंने भारत और पंजाब सरकार से अपील की है कि वह करतारपुर साहिब के रास्ते के लिए पाकिस्तान की सरकार से बातचीत करें, ताकि संगत को गुरुद्वारा साहिब के खुले दर्शन हो सकें। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि 550वें प्रकाश पर्व के मौके पर दोनों देशों की सरकारों के बीच सहमति के साथ एक साल के लिए कॉरिडोर जरूर खोलना चाहिए।
फोटो- 08जीडीआरबीटीएलपी02
कैप्शन- डेरा बाबा नानक में ज्ञानी गुरबचन सिंह सिख संगत के साथ गरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन करते हुए।