भाजपा महामंत्री तनेजा ने कैप्टन सरकार को कोसा
अमृतसर।भारतीय जनता पार्टी कार्यालय शहीद हरबंस लाल खन्ना स्मारक में पत्रकार वार्ता में जिला भाजपा महामंत्री मानव तनेजा ने कहा की महानगर में पुलिस अपराधियों गैंगस्टरों और आतंकियों से निपटने के लिए पुख्ता सुरक्षा प्रबंध करने का दावा करती है। लेकिन अपराध की घटनाएं रोजाना बढ़ती ही जा रही है। उन्होंने कहा कि इन दावों की पोल अपराधियों ने वीरवार रात को खोल दी जब महानगर के प्रसिद्ध व्यापारिक केंद्र गुरु बजार में लुटेरों ने फायरिंग कर सुनार से 45 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए और कुछ दूरी पर ही शक्ति नगर में युवा हिंदू नेता विक्की दत्ता पर फायरिंग की। जिससे वह बाल बाल बच गए। मानव तनेजा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के सत्ता में आने के पश्चात अपराधियों के हौसले बढ़ गए हैं। कोई भी दिन ऐसा नहीं होता जब मोबाइल छीनने, चेन स्नैचिंग, चोरी की घटना ना हुई हो। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों उत्तर भारत की थोक कपड़े की प्रसिद्ध शास्त्री मार्केट में भी चोरों ने कई दुकानों में हाथ साफ किए। इस अवसर पर जिला भाजपा महासचिव राजेश कंधारी, उपाध्यक्ष डॉक्टर राम चावला, अश्विनी चोपड़ा, संजय कुंद्रा उपस्थित थे ।