मनप्रीत की आर्थिक मदद करने के लिए विभाग करेगा प्रयास : डीईओ
गुरदासपुर। 11 से 14 मई तक लेबनान में हो रही 12वीं एशियन जूडो चैंपियनशिप कैडेट (अंडर-18) के लिए सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल (लड़के) के विद्यार्थी मनप्रीत का चयन हुआ है। उन्हें आशीर्वाद देते हुए जिला शिक्षा अफसर राकेश बाला ने कहा कि शिक्षा विभाग को मनप्रीत की प्राप्तियों पर गर्व है। विभाग खिलाड़ी की आर्थिक मदद करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि वह खिलाड़ी के मान-सम्मान के लिए शिक्षा मंत्री अरुणा चौधरी से बात करेंगी। अमरजीत शास्त्री जूडो कोच ने बताया कि एशिया जूडो चैंपियनशिप अंडर (21) ग्रुप में भी गुरदासपुर सेंटर के दो जूडो खिलाड़ी जोबनप्रीत सिंह (90 किलो) और सर्वजीक सिंह (73 किलो) भार वर्ग में भाग ले रहे हैं। मनप्रीत गुरदासपुर सेंटर का उभरता खिलाड़ी है। उसने फरवरी माह में खेलो इंडिया में गोल्ड मेडल जीता था। वह अब अपने ओलंपिक 2020 का सफर लेबनान से शुरू करने जा रहा है। जूडो कोच रवि कुमार ने बताया कि यदि मनप्रीत को पूरी सुविधाएं शिक्षा विभाग की ओर से दी जाएं तो वह विदेश से भारत के लिए मेडल जीत कर देश का नाम रोशन कर सकता है।
14जीडीआर1-जूडो खिलाड़ियों के साथ डीईओ राकेश बाला व कोच अमरजीत शास्त्री ।