बीमारियों से बचने के लिए सेहत विभाग ने चलाया अभियान
पठानकोट। डेंगू की रोकथाम के लिए सेहत विभाग की ओर से चलाए जा रहे ड्राई डे अभियान के तहत शुक्रवार को कम्यूनिटी हेल्थ सेंटर नरोट जैमल सिंह की टीम ने डोर टू डोर अभियान चलाया। जिसमें टीम ने लोगों के घर-घर जाकर पानी की टंकियों, कूलर, गमलों आदि की जांच की। हालांकि किसी भी घर में डेंगू का लारवा नहीं मिला। सेहत विभाग की टीम ने लोगों को घरों में सफाई के बारे जागरूक किया गया। टीम सदस्यों ने लोगों को बताया कि पानी ज्यादा देर तक खड़ा रहने पर उसमें मच्छर पैदा हो जाता है। जिससे डेंगू जैसी बिमारियों को बढ़ावा मिलता है। ऐसे में पानी को बेवजह खड़ा न होने दें। वहीं उन्होनें लोगों को ड्राई डे मुहिम के बारे बताते हुए कहा कि सेहत विभाग की ओर से हर शुक्रवार को ड्राई डे मनाया जाता है। जिसके तहत लोगों को अपने घर में पड़े कंटेनरों, टंकियों, गमलों आदि की सफाई करनी चाहिए ताकि पानी में मच्छर न पैदा हो। उन्होनें लोगों को हर शुक्रवार सफाई करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान नछत्तर सिंह, भूपेंद्र सिंह आदि मौजूद थे।