कैंसर हटाओ अभियान के तहत सिविल अस्पताल पठानकोट में लगाए गए दो दिवसीय कैंसर मेगा फेस-2 कैंप में जिले में कैंसर के 129 मरीज पाए गए हैं। रविवार को कैंप का समापन हो गया। कैंप के अंतिम दिन भी सिविल अस्पताल में कैंसर जांच के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। इस मौके पर कैंसर के 357 संदिग्ध मरीजों की चेकअप किया गया।
कैंसर विशेषज्ञ डॉ. बृज पाल ने लोगों को कैंसर के लक्षण बताए। उन्होंने बताया कि कैंसर कई प्रकार का हो सकता है। गले का कैंसर, मुंह, फेफड़ों समेत कैंसर के कई प्रकार हैं। उन्होंने कहा कि तंबाकू और नशे के सेवन से गले और मुंह का कैंसर फैलने की संभावना होती है इसलिए नशे से दूर रहना चाहिए।
उन्होंने बताया कि इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य पंजाब राज्य में कैंसर से होने वाली मौत दर का पता लगाना है। इस मौके पर सिविल अस्पताल के कार्यकारी एसएमओ डॉ. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सिविल अस्पताल में आयोजित दो दिवसीय कैंसर मेगा फेस-2 कैंप के पहले दिन पाए गए 236 संदिग्ध मरीजों में से 69 मरीजों में कैंसर पॉजिटिव पाया गया है। जबकि दूसरे दिन कैंसर के 357 संदिग्ध मरीजों की पहचान की गई है।
उनमें से 60 मरीज कैंसर पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि कैंसर मरीजों की रिपोर्ट अगले 15 दिन के भीतर विशेषज्ञों द्वारा तैयार कर उन्हें भेजी जाएगी ताकि मरीज की बीमारी स्टेज और उसका इलाज शुरू किया जा सके। कैंप में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अमृतसर से स्पेशलिस्ट डाक्टरों और मैक्स हेल्थ केयर दिल्ली से आए डॉक्टरों ने भी मरीजों की जांच की।
इस मौके पर डीएचओ डॉ. जुगल किशोर, कार्यकारी एसएमओ डॉ. भूपिंदर सिंह, घरोटा एसएमओ डॉ. तरसेम सिंह, डॉ. एमएल अत्री, डॉ. राजकुमार, डॉ. बलवीर सिंह, डॉ. जेके भिंडर, डॉ. दिलीप, डॉ. सुच्चा राम, डॉ. सुरिंदर, डॉ. बिरदी, डॉ. राकेश सरपाल, विद्याधर, भाजपा सिटी प्रधान अनिल रामपाल मौजूद रहेे।