फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Indian CEO: यूट्यूब, गूगल, माइक्रोसॉफ्ट ही नहीं, इन 15 बड़ी कंपनियों में भी हैं भारतीय मूल के CEO, जानें सबको

Fri, 17 Feb 2023 11:20 AM IST
हिमांशु मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

आज हम ऐसे ही 20 बड़ी कंपनियों के बारे में बताएंगे, जहां के बड़े पदों पर भारतीय मूल के नागरिक ही बैठे हुए हैं। इनमें सिर्फ यूट्यूब, गूगल या माइक्रोसॉफ्ट नहीं है। बल्कि अलग-अलग क्षेत्रों की कई दिग्गज कंपनियां भी शामिल हैं। आइए जानते हैं...
विज्ञापन
दिग्गज कंपनियों में भारतीय मूल के सीईओ - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
 वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म यूट्यूब (Youtube) ने भारतीय मूल के अमेरिकी नागरिक नील मोहन को कंपनी का नया चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) बना दिया है। नील मोहन सुसान वोजिकी की जगह लेंगे। सुसान वोजिकी नौ साल बाद अपने पद से हट रहीं हैं। उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया है। नील मोहन अभी यूट्यूब के चीफ प्रोडक्ट ऑफिसर हैं। लंबे वक्त से वह सुसान वोजिकी के सहयोगी रहे हैं। 

नील मोहन की यूट्यूब में सीईओ के तौर पर नियुक्ति ने देश की प्रतिष्ठा बढ़ा दी है। हालांकि, ऐसा नहीं है कि नील मोहन पहले भारतीय मूल के हैं, जिन्हें दुनिया की किसी बड़ी कंपनी का सीईओ बनाया गया है। इसके पहले भी ऐसे सैकड़ों उदाहरण हैं, जिन्होंने भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है।

आज हम ऐसे ही 20 बड़ी कंपनियों के बारे में बताएंगे, जहां के बड़े पदों पर भारतीय मूल के नागरिक ही बैठे हुए हैं। इनमें सिर्फ यूट्यूब, गूगल या माइक्रोसॉफ्ट नहीं है। बल्कि अलग-अलग क्षेत्रों की कई दिग्गज कंपनियां भी शामिल हैं। आइए जानते हैं...
विज्ञापन

1. सुंदर पिचाई, CEO गूगल, अल्फाबेट  
गूगल और एल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई  का जन्म 1972 में भारत के तमिलनाडु राज्य में हुआ था। उनके पिता पेशे से इलेक्ट्रिकल इंजीनियर थे जो ब्रिटेन की एक कंपनी GEC में काम करते थे। सुंदर की मां स्टेनोग्राफर थीं। स्कूलिंग खत्म करने के बाद सुंदर ने आईआईटी खड़गपुर में एडमिशन लिया था। यहां से उन्होंने मेटालर्जी में इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की। 

इसके बाद वह अमेरिका के स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग में एमएस करने चले गए। एमएस करने के बाद उन्होंने अमेरिका के सबसे प्रतिष्ठित बिजनेस स्कूलों में से एक व्हार्टन से एमबीए भी किया। 2004 में सुंदर पिचाई गूगल से जुड़े। 2015 में, गूगल अल्फाबेट कंपनी का हिस्सा बना और पिचाई उसके सीईओ बने। पिचाई ने Google क्रोम और क्रोम ओएस डेवलप करने के लिए प्रोडक्ट मैनेजमेंट टीम का नेतृत्व किया। वह मुख्य रूप से Google ड्राइव और एंड्रॉय्ड के डेवलपमेंट के लिए भी प्रभारी थे। एक इंटरव्यू में जब उनसे पूछा गया कि वो अमेरिकी हैं या भारतीय, तब इसके जवाब में उन्होंने कहा, 'मैं अमेरिका का नागरिक हूं, लेकिन भारत मेरे अंदर बसा है और जो मैं हूँ, उसका एक अहम हिस्सा है।' 
विज्ञापन
विज्ञापन

2. सत्य नडेला, CEO माइक्रोसॉफ्ट 
दुनिया की प्रतिष्ठित सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ भारतीय मूल के सत्य नडेला हैं। सत्य का पूरा नाम सत्य नारायण नडेला है। इनका जन्म 19 अगस्त 1967 को आंध्र प्रदेश की राजधानी हैदराबाद के अनंतपुर जिले के एक तेलगु परिवार में हुआ था। नडेला के पिता भारतीय प्रशासनिक सेवा में एक सिविल सेवक के रूप में कार्य करते थे। नडेला साल 1992 में बतौर इंजीनियर, माइक्रोसॉफ्ट में शामिल हुए। चार फरवरी 2014 को वे माइक्रोसॉफ्ट के CEO चुने गए। 

सत्य ने अपनी स्कूलिंग हैदराबाद पब्लिक स्कूल से पूरी की है। साल 1988 में कर्नाटक के मणिपाल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रिकल इंजिनियरिंग में बीटेक किया और फिर विस्कॉन्सिन-मिल्वौकी विश्वविद्यालय से एमएस डिग्री लेने के लिए नडेला अमेरिका गए। यहां से उन्होंने कंप्यूटर साइंस में 1990 में अपनी डिग्री हासिल की। उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट में माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस, एक्सबॉक्स लाइव और एज्योर क्लाउड प्लेटफॉर्म के शुरुआती संस्करणों का नेतृत्व किया।

3. लक्ष्मण नरसिम्हन,  स्टारबक्स के होने वाले CEO 
कॉफी चेन चलाने वाली दिग्गज कंपनी स्टारबक्स ने भारतीय मूल के लक्ष्मण नरसिम्हन को नया सीईओ घोषित किया है। लक्ष्मण एक अप्रैल से कंपनी की बागडोर पूरी तरह से संभाल लेंगे। अभी वह इंटरिम सीईओ के अधीन काम कर रहे हैं। 55 साल के लक्ष्मण नरसिम्हन इससे पहले इन्फामिल बेबी, यूके में Reckitt Benckiser Group PLC में ऊंचे पदों पर काम कर चुके हैं। लक्ष्मण नरसिम्हन का जन्म पुणे में 15 अप्रैल 1967 को हुआ था और वहीं उनकी परवरिश भी हुई है। उन्होंने पुणे यूनिवर्सिटी के इंजीनियरिंग कॉलेज से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की है। उन्होंने पेन्सिलवेनिया यूनिवर्सिटी में द लॉडर इंस्टीट्यूट से जर्मन और अंतरराष्ट्रीय अध्ययन में एमए किया है। पेन्सिलवेनिया यूनिवर्सिटी के व्हार्टन स्कूल से बिजनेस में एमबीए किया। 
विज्ञापन

4. शांतनु नारायण, CEO, Adobe Inc 
दुनिया की प्रतिष्ठित सॉफ्टवेयर कंपनी एडोब (Adobe Inc) के सीईओ भी भारतीय मूल के ही हैं। उनका नाम है शांतनु नारायण। शांतनु का जन्म हैदराबाद में हुआ था। उनकी मां अमेरिकी साहित्य पढ़ातीं थीं। पिता की प्लास्टिक के सामान की कंपनी थी। शांतनु ने उस्मानिया यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंजीनियरिंग में बैचलर करने के बाद बर्कले यूनिवर्सिटी कैलिफोर्निया से एमबीए और बॉउलिंग ग्रीन स्टेट यूनिवर्सिटी से कम्प्यूटर साइंस में मास्टर्स किया है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मोबाइल फोन Apple से की। इसके बाद वह सिलिकॉन ग्राफिक्स में भी रहे। बाद में उन्होंने ऑनलाइन फोटो शेयरिंग कंपनी पिक्ट्रा की स्थापना की थी। शांतनु ने 1998 में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (वर्ल्डवाइड प्रोडक्ट रिसर्च) के रूप में Adobe ज्वॉइन की थी। 2007 में वह इसके सीईओ बने। वह अडोबी फाउंडेशन बोर्ड के प्रेसीडेंट भी हैं। 2011 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उन्हें अपने मैनेजमेंट एडवाइजरी बोर्ड का सदस्य नियुक्त किया था। 
विज्ञापन

5. अरविंद कृष्णा, CEO, IBM 
दुनिया की दिग्गज आईटी कंपनी के सीईओ अरविंद कृष्णा हैं। साल 2020 की शुरुआत में IBM ने अरविंद कृष्णा को सीईओ पद पर नियुक्त किया है। हैदराबाद में जन्मे अरविंद कृष्णा सीईओ चुने जाने से पहले आईबीएम में ही क्लाउड ऐंड कॉग्निटिव सॉफ्टवेयर में बतौर वाइस प्रेसिडेंट काम कर रहे थे। 

कृष्णा 1990 में आईबीएम से जुड़े थे। आईआईटी कानपुर से अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद कृष्णा ने यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनियॉस से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी की थी। 2018 में 34 बिलियन अमेरिकी डॉलर में रेड हैट के आईबीएम के अधिग्रहण का श्रेय उन्हें दिया जाता है। 
विज्ञापन

6. थॉमस कुरियन, CEO Google Cloud 
क्लाउड कम्युटिंग के क्षेत्र में दिग्गज कंपनी गूगल क्लाउड के सीईओ थॉमस कुरियन हैं। 2019 में थॉमस को Google Cloud का सीईओ बनाया गया था। थॉमस का जन्म 1966 में भारत के केरल में कोट्टायम जिले के पंपडी गांव में हुआ था। पिता का नाम पी.सी. कुरियन और माता का नाम मौली है। उनके पिता एक केमिकल इंजीनियर और Graphite India के जनरल मैनेजर थे। 

थॉमस कुरियन चार भाई हैं। एक जुड़वा भी है। जॉर्ज कुरियन को 2015 में NetApp का सीईओ बनाया गया था। 17 साल की उम्र में, थॉमस अपने भाई जॉर्ज कुरियन के साथ अमेरिका चले गए थे। थॉमस ने प्रिंसटन यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की। प्रिंसटन के बाद लंदन और ब्रुसेल्स में छह साल के लिए सॉफ्टवेयर, टेलीकम्यूनिकेशंस और फाइनेंशियल सर्विसेज इंडस्ट्रीज में ग्राहकों की सेवा करने वाले सलाहकार के रूप में McKinsey & Company के साथ उन्होंने अपना करियर शुरू किया। उन्होंने स्टैनफोर्ड ग्रेजुएट स्कूल ऑफ बिजनेस से एमबीए भी किया। कुरियन 1996 में Oracle में शामिल हुए। शुरू में अलग-अलग प्रोडक्ट मैनेजमेंट और डेवलपमेंट पदों पर रहे। 28 सितंबर 2018 को उन्होंने ओरेकल में प्रोडक्ट डेवलपमेंट के अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया। कुरियन नवंबर 2018 में Google की क्लाउड ऑर्गेनाइजेशन में शामिल हुए। Google में अपने पहले साल के दौरान कुरियन ने एंटरप्राइज़ क्लाइंट्स को G Suite एप्लिकेशन बेचने पर ध्यान केंद्रित किया। 

7. संदीप कटारिया, CEO, बाटा
फुटवियर निर्माता कंपनी बाटा के सीईओ के तौर पर संदीप कटारिया काम कर रहे हैं। 126 साल के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है जब किसी भारतीय को इस कंपनी का सीईओ बनाया गया है। कटारिया ने एलेक्सिस नैसार्ड के बाद पदभार संभाला, जिन्होंने कंपनी के सीईओ के रूप में लगभग पांच वर्षों तक काम किया। कटारिया साल 2020 में बाटा इंडिया के सीईओ के रूप में कंपनी से जुड़े थे। इससे पहले वो यूनीलिवर, वोडाफोन जैसी कंपनियों में काम कर चुके थे। 

8. लीना नायर, CEO, शैनल  
फ्रांस के बड़े फैशन हाउस शनैल (Chanel) की पहली महिला सीइओ के रूप में भारतीय मूल की ब्रिटिश नागरिक लीना नायर को साल 2021 में चुना गया था। लीना इससे पहले यूनिलीवर में 30 सालों से कार्यरत थीं। नायर यूनिलीवर में ह्यूमन रिसोर्स चीफ और कंपनी की कार्यकारी समिति की सदस्य थीं। 

9. राज सुब्रमण्यम, CEO, FedEx  
अमेरिका की दिग्गज कूरियर सर्विस कंपनी FedEx ने भारतीय मूल के राज सुब्रमण्यम को सीईओ बनाया है। सुब्रमण्यम मुख्य रूप से केरल के त्रिवेंद्रम के रहने वाले हैं। उन्होंने आईआईटी बॉम्बे से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। साल 1989 में उन्होंने न्यूयॉर्क के Syracuse यूनिवर्सिटी से एमटेक की पढ़ाई पूरी की। यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सस से मार्केटिंग और फाइनेंस में एमबीए भी किया है। 1991 में उन्होंने फेडेक्स ज्वॉइन किया था। वे फेडेक्स कॉर्पोरेशन के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स, फर्स्ड हॉरिजन कॉर्पोरेशन, यूएस चैम्बर ऑप कॉमर्स चीन एडवायजरी बोर्ड, FIRST, यूएस-इंडिया स्ट्रैटिजीक पार्टनरशिप फोरम और यूएस-चाइना बिजनेस काउंसिल के हिस्सा रहे हैं।

10. जयश्री उल्लाल, CEO, Arista Networks 
कंप्यूटर नेटवर्किंग कंपनी Arista Networks की सीईओ भारतीय मूल की जयश्री उल्लाल हैं। लंदन में जन्मी और नई दिल्ली में पली-बढ़ी जयश्री उल्लाल एक अमेरिकी अरबपति बिजनेसवुमन हैं। 2008 से वह Arista Networks की सीईओ हैं। जयश्री ने सैन फ्रांसिस्को स्टेट यूनिवर्सिटी से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। इसके बाद उन्होंने Santa Clara University से इंजीनियरिंग मैनेजमेंट में अपनी मास्टर डिग्री पूरी की। 

इन पांच बड़ी कंपनियों में भी हैं भारतीय मूल के CEO 
कंपनी   सीईओ
Palo Alto Networks निकेश अरोड़ा
Micron Technology   संजय मेहरोत्रा
Inmarsat राजीव सूरी
Deloitte   पुनीत रंजन
VMware     रंगराजन रघुराम
विज्ञापन
Next