फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Trump Oath: जयशंकर समेत दिग्गज मेहमान शपथ के साक्षी बनेंगे; US में पारा माइनस 11, ट्रंप बोले- गर्म कपड़े पहनें

Sun, 19 Jan 2025 03:19 AM IST
दीपक कुमार शर्मा एजेंसी, वाशिंगटन

सार

अमेरिका में 20 जनवरी को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। इससे पहले देश में कड़ाके की ठंड के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यही कारण है कि शपथ ग्रहण 40 साल बाद कैपिटल रोटुंडा में कराया जाएगा। विदेशी मेहमानों और हाइप्रोफाइल लोगों की मौजूदगी को देखते हुए अभूतपूर्व सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं।
विज्ञापन
1 of 9
वाशिंगटन डीसी के लिए पत्नी मेलानिया और बेटा के साथ रवाना होते डोनाल्ड ट्रंप - फोटो : अमर उजाला/एएनआई
अमेरिका में भीषण ठंड व बर्फबारी के मद्देनजर 40 वर्षों में पहली बार शपथ ग्रहण समारोह को खुले स्थान के बजाय कैपिटल रोटुंडा में बंद जगह पर कराने का फैसला लिया गया है। शपथ ग्रहण समारोह से जुड़ी समिति ने बताया कि ट्रंप शपथ ग्रहण समारोह के लिए स्थानीय समयानुसार शनिवार को वाशिंगटन पहुंचेंगे। इस समारोह में भारत से विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर समेत कई विदेशी मेहमान शामिल होंगे। फिल्म, मनोरंजन और संगीत जगत के सितारों की महफिल भी सजेगी।
 
विज्ञापन

2 of 9
जो बाइडन और डोनाल्ड ट्रंप - फोटो : एएनआई
व्हाइट हाउस में जो बाइडन के साथ चाय पीएंगे ट्रंप
शपथ ग्रहण समारोह की पूर्व संध्या पर, ट्रंप अर्लिंग्टन नेशलन सेमेट्री पहुंचकर श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वह वाशिंगटन में कैपिटल वन एरिना में एक रैली में भाग लेंगे। रैली के बाद एक निजी रात्रिभोज होगा। शपथ ग्रहण समारोह के दिन, ट्रंप सेंट जॉन एपिस्कोपल चर्च में पारंपरिक रूप से प्रार्थना करेंगे। इसके बाद वह व्हाइट हाउस में निवर्तमान राष्ट्रपति जो बाइडन और उनकी पत्नी जिल बाइडन के साथ चाय पीएंगे। 

बता दें कि आर्लिंग्टन नेशनल सेमेट्री अमेरिका का सबसे बड़ा कब्रिस्तान है। 639 एकड़ में फैले इस कब्रिस्तान में चार लाख से अधिक लोगों को दफनाया गया है। 1864 में अमेरिकी गृह युद्ध के दौरान इसकी स्थापना हुई थी। इसका प्रबंधन अमेरिका सेना करती है।
विज्ञापन

3 of 9
कैपिटल रोटुंडा के अंदर की तस्वीर, जहां शपथ ग्रहण समारोह होगा - फोटो : एएनआई
शपथ ग्रहण समारोह की जगह में बदलाव
अमेरिका में आर्कटिक तूफान जारी है। हालिया मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को वाशिंगटन डीसी में तापमान माइनस 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। खराब मौसम के कारण ट्रंप का शपथ ग्रहण कैपिटल रोटुंडा में आयोजित होगा। इससे पहले 20 जनवरी, 1985 को रोनाल्ड रीगन ने बंद जगह में शपथ ली थी। तब वाशिंगटन का तापमान माइनस 14 डिग्री पहुंच गया था। समारोह से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि हर बार शपथ ग्रहण समारोह के समय प्रतिकूल मौसम संबंधी स्थिति में एक विकल्प के तौर पर कैपिटल रोटुंडा को तैयार रखा जाता है।

हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि ट्रंप के शपथ ग्रहण में लाखों लोगों को कैसे समायोजित किया जाएगा। रोटुंडा में केवल 600 लोगों के बैठने का बंदोबस्त है, जबकि खबरों के मुताबिक करीब 2.50 लाख से अधिक लोगों ने 20 जनवरी को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का टिकट लिया है।


 

4 of 9
अमेरिका में बर्फबारी (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : एएनआई
ट्रंप की अपील- गर्म कपड़े पहनें
शपथ ग्रहण समारोह बंद जगह में आयोजित किए जाने के फैसले की जानकारी खुद ट्रंप ने साझा की। उन्होंने कहा, वाशिंगटन में तापमान रिकॉर्ड निचले स्तर पर जा सकता है। मैं लोगों को बीमार होते नहीं देखना चाहता। यह कानून प्रवर्तन व समारोह में लगे हजारों कर्मचारियों के लिए खतरनाक होगा, जो समारोह के दिन घंटों तक बाहर रहते। आप समारोह में आ रहे हों तो कृपया गर्म कपड़े पहनें।
 
विज्ञापन

5 of 9
कैपिटल रोटुंडा का गुंबद - फोटो : एएनआई
क्यों खास है रोटुंडा
बता दें कि रोटुंडा यूएस कैपिटल के केंद्र में स्थित एक बड़ा, गुंबददार, गोलाकार कमरा है। जगह में बदलाव के बाद ट्रंप ने समर्थकों को आश्वस्त किया कि शपथ ग्रहण समारोह ऐतिहासिक और यादगार रहेगा। कड़ाके की ठंड के बावजूद राष्ट्रपति परेड और अन्य गतिविधियां योजना के अनुसार ही होंगी। कैपिटल वन एरिना में लाइव व्यूइंग भी शामिल है। कैपिटल रोटुंडा में विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों और मेहमानों के लिए खास इंतजाम होंगे। ट्रंप ने 40 साल बाद बदली गई जगह के बारे में कहा, सभी के लिए और विशेष रूप से बड़ी संख्या में टीवी दर्शकों के लिए 20 जनवरी का समारोह बहुत ही सुंदर अनुभव होगा!
विज्ञापन

6 of 9
डोनाल्ड ट्रंप से हाथ मिलाते विदेश मंत्री एस जयशंकर - फोटो : एएनआई
जयशंकर समेत कई विदेशी मेहमान रहेंगे मौजूद
शपथ ग्रहण समारोह के लिए दर्जन भर से ज्यादा विदेशी नेताओं को आमंत्रित किया गया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इटली की प्रधानमंत्री जियॉर्जिया मेलनी भी समारोह में शामिल होंगी।
 
विज्ञापन

7 of 9
कंट्री म्यूजिक स्टार कैरी अंडरवुड - फोटो : एएनआई
सजेगी सितारों की महफिल
समारोह में कंट्री म्यूजिक स्टार कैरी अंडरवुड, बिली रे साइरस व जेसन एल्डियन, डिस्को बैंड द विलेज पीपल, रैपर नेली व संगीतकार किड रॉक प्रस्तुतियां देंगे। अभिनेता जॉन वोइट व पहलवान हल्क होगन के भी शामिल होने की संभावना है। उद्योगपतियों में टेस्ला और एक्स के सीईओ एलोन मस्क, अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस, मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग व टिकटॉक के सीईओ शू जी च्यू मौजूद रहेंगे।

 

8 of 9
प्रतीकात्मक फोटो - फोटो : एएनआई
अभूतपूर्व सुरक्षा-व्यवस्था, 25 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात
चुनाव के दौरान ट्रंप पर दो बार हुए जानलेवा हमलों के मद्देनजर शपथ समारोह में अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां कोई मौका गंवाना नहीं चाहतीं। रातोंरात शहर के कोने-कोने में लोहे की दीवारें व बाड़ लगा दी गई हैं। 30 मील लंबी अस्थायी बाड़ लगाई गई है और करीब 25 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। शपथ ग्रहण समारोह को राष्ट्रीय विशेष सुरक्षा कार्यक्रम (एनएसएसई) माना जाता है। इसमें यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस के नेतृत्व में संघीय व स्थानीय एजेंसियां साथ काम करती हैं। समारोह से जुड़े सभी प्रमुख स्थलों को बंद कर दिया गया है।

 
विज्ञापन

9 of 9
डोनाल्ड ट्रंप - फोटो : पीटीआई
पद संभालते ही अमेरिका में चलेगा आव्रजन अभियान
ट्रंप पद संभालने के एक दिन बाद ही अमेरिका में देशव्यापी आव्रजन प्रवर्तन अभियान का आदेश दे सकते हैं। इसके लिए एजेंसियां तैयारी कर चुकी हैं। वाल स्ट्रीट जर्नल ने सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया है किअमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन विभाग ने इस अभियान को अंजाम देने के लिए 100-200 अधिकारियों को लगाया है। हफ्ते भर चलने वाले इस अभियान के बाद अवैध आव्रजन के आरोपियों को उनके देश वापस भेज दिया जाएगा। ट्रंप ने 2024 में कहा भी था कि वह आव्रजन को लेकर अभियान चलाएंगे और रिकॉर्ड संख्या में लोगों को वापस भेजेंगे।

संबंधित खबर-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें