फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सैटेलाइट तस्वीरों में खुलासा, उत्तर कोरिया में जारी है मिसाइल कार्यक्रम, ट्रंप ने साधी चुप्पी

Tue, 13 Nov 2018 12:55 AM IST
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
north korea
विज्ञापन

उत्तर कोरिया का बैलेस्टिक मिसाइल कार्यक्रम जारी है। हाल में जारी हुई कुछ सैटेलाइट तस्वीरें इसकी पुष्टि करती हैं। तस्वीरों में सामने आया है कि उत्तर कोरिया ने 16 गुप्त मिसाइल ठिकानों का निर्माण कर लिया है और यहां मिसाइल कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहा है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एक वाणिज्यिक सैटेलाइट ने यह तस्वीरें ली हैं। न्यूयॉर्क टाइम्स ने एक रिपोर्ट में यह दावा किया है। बता दें कि पिछले दिनों अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बैठक के दौरान उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने परमाणु निरस्त्रीकरण की बात कही थी।

विज्ञापन

ट्रंप ने क्यों साध ली चुप्पी

ऐसे में उसके इस अभियान को वादाखिलाफी माना जा रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि सैटेलाइट तस्वीरों में उत्तर कोरिया के गुप्त मिसाइल कार्यक्रम ठिकानों के नजर आने बावजूद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उत्तर कोरिया के परमाणु खतरे का बेअसर होने का दावा कर रहे हैं। ट्रंप ने अभी तक इस सैटेलाइट तस्वीरों पर भी चुप्पी साधी हुई है। बता दें कि इस साल अप्रैल में उत्तर कोरिया ने अपने परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम को खत्म करने का दावा किया था।

पूरी दुनिया को धोखा दे रहा उत्तर कोरिया

रिपोर्ट के मुताबिक, सैटेलाइट तस्वीरों से साफ है कि उत्तर कोरिया अमेरिका को ही नहीं पूरी दुनिया को धोखा दे रहा है। अपने कुछ प्रमुख मिसाइल व परमाणु कार्यक्रम ठिकानों को नष्ट करने के दावे के बावजूद उत्तर कोरिया ने दर्जन भर से अधिक नए ठिकाने बनाए हैं। इन ठिकानों में वह अपने कार्यक्रम में और अधिक सुधार कर रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि उत्तर कोरिया के बैलेस्टिक मिसाइल ठिकानों का अस्तित्व खत्म नहीं हुआ है और इससे राष्ट्रपति ट्रंप के वे दावे खोखले साबित होते हैं, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि उनकी कूटनीति ने उत्तर कोरिया को मिसाइल व परमाणु कार्यक्रम खत्म करने को अग्रसर किया।

नरम दिखाकर प्रतिबंधों से चाहता है छूट

अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया है कि उत्तर कोरिया के परमाणु हथियार, मिसाइल परमाणु सामग्री, मोबाइल लॉन्चर जैसे कार्यक्रम पहाड़ों में छिपे हुए गुप्त अड्डों में अभी भी जारी हैं। इससे जाहिर है कि प्योंगयांग ने खुद को नरम दिखाकर अमेरिकी प्रतिबंधों से छूट पाने की योजना बनाई है। उत्तर कोरिया की प्रतिबद्धताएं झूठी हैं, क्योंकि वह रूस और चीन के साथ फिर से व्यापार शुरू करना चाहता है, जो अमेरिकी प्रतिबंधों की वजह से अटका हुआ है। 
विज्ञापन

संयुक्त राष्ट्र भी कर चुका दावा

संयुक्त राष्ट्र ने भी अगस्त में एक रिपोर्ट जारी कर कहा था कि उत्तर कोरिया ने अपना परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम नहीं रोका है। सुरक्षा परिषद को भेजी गई 62 पन्ने की रिपोर्ट में विशेषज्ञों ने कहा था कि प्योंगयांग संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए कोयला, लोहा, समुद्री भोजन और अन्य उत्पादों का निर्यात भी कर रहा है। इससे किम जोंग उन प्रशासन को लाखों डॉलर राजस्व की आमदनी हो रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर कोरिया इस साल पेट्रोलियम उत्पादों और कोयले का अवैध रूप से समुद्री जहाजों के जरिये धड़ल्ले से निर्यात कर रहा है। इससे प्राप्त धन से वह मिसाइल और परमाणु कार्यक्रम जारी रखे हुए है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें