अल-जजीरा की एक खबर के अनुसार तुर्की की मुद्रा लीरा में जारी गिरावट के बीच तुर्की के राष्ट्रपति रचेप तैयप अर्दोवान ने अपने नागरिकों से अपील की है कि वो अपने घरों में रखी विदेशी मुद्रा को देश की मुद्रा में बदलें। इस साल अमेरिकी मुद्रा डॉलर की तुलना में लिरा में 20 फीसदी की गिरावट आई है। बुधवार को एक डॉलर की तुलना में लीरा की कीमत 4।93 पर चली गई थी। इससे पहले शनिवार को तुर्की के केंद्रीय बैंक ने लीरा की लुढ़कती कीमत को थामने के लिए ब्याज दरों में तीन फीसदी की बढ़ोतरी कर दी थी।
तुर्की के केंद्रीय बैंक के इस कदम को आपातकालीन बढ़ोतरी कहा गया है। पूर्वी शहर एर्जुरम में अपने समर्थकों से अर्दोवान ने कहा, "मेरे जिन भाइयों के पास डॉलर या यूरो हैं वो उन्हें अपनी मुद्रा लीरा में बदलें। हम साथ मिलकर इस इस संकट को हरा देंगे।" तुर्की का कहना है कि लीरा को साजिश के तहत कमजोर किया जा रहा है। तुर्की का तर्क है कि ऐसा अज्ञात विदेशी ताकतें तुर्की को कमजोर करने के लिए कर रही हैं।
ट्रंप-किम मुलाकात की संभावना
व्हाइट हाउस ने कहा है कि अगले महीने उत्तर कोरिया से संभावित शिखर सम्मेलन की तैयारी को लेकर वो सिंगापुर एक टीम भेज रहा है। इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप ने उत्तर कोरिया से इस प्रस्तावित बातचीत को रद्द करने की घोषणा कर दी थी। शनिवार को अचानक उत्तर और दक्षिण कोरियाई नेताओं की मुलाकात के बाद किम जोंग-उन और राष्ट्रपति ट्रंप की मुलाकात की संभावना फिर से बढ़ गई है।