कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 21 दिन के राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की है. लेकिन इसको फैलने से रोकने के लिए और इसके इलाज के लिए कई तरह की बातें सुनने को मिल रही हैं। वायरस से बचने के लिए कई तरह की भ्रामक सलाहें लोगों को दी जा रही हैं। बीबीसी न्यूज ने इनमें से कुछ की पड़ताल की।
पेपर कप में चाय पीना
"किसे पता था कि इस वारयस को रोकने में सबसे बड़ी भूमिका चाय निभाएगा।" सोशल मीडिया पर इस तरह के दावे किए जा रहे हैं कि चाय का कप इस वायरस पर लगाम लगा सकता है। इन दावों में चीन के डॉक्टर ली वेन्लियांग का हवाला दिया गया है जिन्हें इस वायरस के बारे में चेतावनी देने वाला हीरो माना जा रहा है। हाल में इसी वायरस के कारण उनकी मौत हो गई। इस दावे में ये कहा गया है कि डॉक्टर वेन्लियांग ने अपनी केस फाइल में लिखा है कि आम तौर पर चाय में पाया जाने वाला तत्व-मिथाइलजेन्थाइन-वायरस के असर को कम करता है।