वाराणसी में गोदौलिया के पास जंगमबाड़ी में गुरुवार रात जर्जर एक मंजिला मकान की छह तेज धमाके के साथ ढह गई। मलबे में दबकर महिला की मौत हो गई। चार लोग घायल हो गए। छत ढहने की घटना के बाद सुरक्षित बचे परिजनों के चेहरे पर मौत का खौफ साफ-साफ दिखा। मौके पर पहुंचे लोग भी मंजर देख सहम गए। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय लोगों को लगा कि जैसे भूकंप आ गया। मकान से निकलकर लोग गली में भाग कर आए। ध्यान ही नहीं था कि बेबी वर्मा भी अंदर है।
कुछ देर के बाद जब लोगों को होश आया कि बेबी भी अंदर है तो चीख पुकार मच गई। हालांकि मकान के अंदर किसी की जाने की हिम्मत नहीं हुई। एनडीआरएफ ने पूरे मकान को अपने कब्जे में ले लिया था और जवानों ने चेन बनाकर मलबे को गली से बाहर निकलवाया। एसीपी अवधेश पांडेय, थानाध्यक्ष अजय मिश्रा और अन्य पुलिसकर्मियों, एनडीआरएफ के सहायक कमांडेंट रवि सिंह की अगुवाई में टीम मौजूद रही। एनडीआरएफ ने आशंका जताई कि रसोई गैस लीकेज से सिलिंडर फटने से ही हादसा हुआ।