वाराणसी स्थित महामना पंडित मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान में 55 साल के मरीज के पेट से 30.5 किलो का ट्यूमर निकाला गया। इतना बड़ा ट्यूमर देखकर ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर भी हैरान रह गए। तीन डॉक्टरों ने करीब छह घंटे की सर्जरी के बाद ट्यूमर को निकालने में सफलता हासिल की। डॉक्टरों ने सर्जरी कर मरीज को नया जीवन दिया है। किसी भी कैंसर अस्पताल में यह पहला मामला है। बलिया निवासी 55 वर्षीय मरीज पेट के बढ़ते आकार और दर्द की शिकायत लेकर महामना कैंसर अस्पताल आया।
जांच में डॉक्टरों ने पेट में ट्यूमर होने की जानकारी देते हुए सर्जरी की बात कही। इसके बाद गुरुवार को कैंसर अस्पताल के सर्जरी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ.मयंक त्रिपाठी और उनकी टीम ने सर्जरी की। डॉक्टर मयंक ने बताया कि ट्यूमर का आकार इतना बड़ा था कि मरीज का चलना फिरना दुश्वार हो गया था। मरीज को रिट्रोपेरिटोनियल लाइपो सारकोमा था, जो एक तरह का दुर्लभ कैंसर होता है।