किसानों के हक में हर क्षण संघर्ष के लिए तैयार भाकियू सुप्रीमो चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत के प्रति मुलायम सिंह यादव का रुख हमेशा दोस्ताना रहा। चाहे वह सूबे के सीएम रहे हों या विपक्ष की भूमिका में, उन्होंने बाबा टिकैत को बेहद गंभीरता से सुना और किसानों की समस्याओं के निस्तारण पर सहमति जताई।
भाकियू के संस्थापक चौधरी टिकैत से वैसे तो देश के बड़े-बड़े राजनीतिज्ञों की उठापटक रही, लेकिन मुलायम सिंह यादव को लेकर उनका रुख कभी कड़क नहीं रहा। जब भी दोनों मिले तो गहरी आत्मीयता दिखाई। किसानों के लिए नि:स्वार्थ भाव से लड़े चौधरी टिकैत के प्रति नेताजी की इज्जत कई मौकों पर देखी गई। लखनऊ में कई बार चौधरी टिकैत की उनसे भेंट हुई।