मेरठ जनपद में हस्तिनापुर क्षेत्र के भीमकुंड गांव के समीप गंगा पुल पर गंगा का जलस्तर बढ़ते ही कटान का खतरा बढ़ गया है। पिछले तीन दिनों से चांदपुर की ओर पुल के अंतिम पिलर पर भीषण कटान हो रहा है। वहीं पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा करोड़ों रुपये की बनाई गई सड़क भी भरभरा कर गंगा में समा रही है।
हस्तिनापुर से बिजनौर के चांदपुर को जोड़ने के लिए सरकार ने करोड़ों रुपये खर्च कर भीमकुंड गांव के समीप गंगा पुल का निर्माण कराया था। इस निर्माण के पूरा होने से चांदपुर, बिजनौर, धामपुर, अमरोहा, मुरादाबाद, मेरठ आदि जाने वाले लोगों की मंजिल और आसान हो गई। लेकिन इस पुल पर एक बार फिर गंगा के कटान का संकट मंडरा रहा है।