पहाड़ों पर हुई बारिश के बाद शनिवार को गंगा, कोटावाली और मालन नदी का जलस्तर बढ़ गया है। गंगा का पानी गांव रावली और ब्रहमपुरी तक पहुंच गया है। कोटावाली नदी के रपटे पर पानी के तेज बहाव में दो ट्रक फंस गए। इनके फंसने और मलबा बहकर आने से करीब नौ घंटे यहां यातायात प्रभावित रहा।
बताया गया कि बिजनौर बैराज पर खतरे का निशान 220 मीटर पर है। शनिवार शाम छह बजे यहां गंगा 219.70 मीटर पर बह रही थी। हरिद्वार के भीमगौडा बैराज से डेढ़ लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, गंगा का जलस्तर अभी और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इसके चलते प्रशासन सतर्क हो गया है।