उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद में नागल थाना क्षेत्र में स्टेट हाईवे पर एक कार की टक्कर ट्रक से हो गई, जिसमें कार सवार महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया गया कि हाईवे पर एक ट्रक कट से टर्न ले रहा था इसी दौरान तेज रफ्तार कार उससे जा टकराई। ट्रक से टकराते ही कार के परखच्चे उड़ गए।
कार सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। चालक समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं अन्य चार घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। बताया गया कि मृतक मेरठ से सरधना के रहने वाले हैं। महिला की मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया।