उत्तर प्रदेश के बिजनौर में रामलीला मंच पर मर्यादा पुरुषोत्तम राम के चरित्र से सीख लेने के बजाय अश्लील डांस कराया जा रहा है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने रामलीला कमेटी के प्रधान सहित छह लोगों को नोटिस जारी किया है।
सोशल मीडिया पर ऐसी कई वीडियो वायरल हो रही हैं, जो जिले के हल्दौर, फीना, स्योहारा समेत अन्य कई जगहों की बताई जा रही हैं। वहीं दूसरी ओर इन सबके बावजूद पुलिस और प्रशासन मूकदर्शक बने हुए हैं। आरोप तो यहां तक हैं कि कुछ राजनीतिक लोगों के हस्तक्षेप के कारण अफसर कुछ नहीं कर पा रहे हैं। लेकिन जब किरकिरी शुरू हुई तो इस पर कार्रवाई की गई है। स्योहारा नगर में आयोजित आदर्श रामलीला कमेटी में तीन दिन पहले हुए अश्लील डांस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसका संज्ञान लेते हुए रामलीला कमेटी के आयोजकों को थाने बुलाकर भविष्य में पुनरावृत्ती न करने की चेतावनी के साथ नोटिस दिया गया है। रामलीला मंच पर हो रहे अश्लील डांस की समाज के बुद्धिजीवियों ने भी कड़े शब्दों में निंदा की है।