मेरठ के लिसाड़ीगेट क्षेत्र में मिली युवती की सिर कटी लाश मिलने के तीसरे दिन भी पुलिस के हाथ कामयाबी नहीं लगी है। पुलिस की टीमें युवती के सिर को तलाशने में जुटी हुई हैं। वहीं मुजफ्फरनगर से एक परिवार भी महिला की शिनाख्त के लिए आया था लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। उधर, मेरठ से भी दो परिवार शिनाख्त के लिए पुलिस के पास पहुंचे, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी है। अब पुलिस तीनों परिवारों के दावे की पुष्टि करने के लिए इन परिवारों की महिलाओं का डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी में है।
लिसाड़ी गेट के लखीपुरा में शुक्रवार को कब्रिस्तान के पास एक युवती का सिर कटा शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। शव के पास ही फल रखने वाली प्लास्टिक की खाली कैरेट पड़ी थी। शव चादर में लिपटा था और हाथ बंधे हुए। पुलिस का अनुमान है कि वारदात के बाद हत्यारोपी शव को चादर में लपेट कैरेट में रखकर कब्रिस्तान में दबाने ले जा रहे थे। अंदेशा जताया जा रहा है कि किसी के आ जाने के बाद वे शव को कब्रिस्तान के पास में ही छोड़कर भाग गए। हालांकि अभी तक भी शव की पहचान नहीं हो पाई है।