कोहरे और बर्फीली हवा से दिनभर लोग कांप रहे हैं। ठंड ने पिछले 15 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अभी 6 जनवरी तक सर्दी से राहत के आसार नहीं हैं। कोहरे से शहर से लेकर देहात तक बिजली गुल रही। सरधना के 30 गांवों को 11 घंटे बिजली संकट से जूझना पड़ा। वहीं ट्रेनें भी लेट रहीं। इंदौर-देहरादून एक्सप्रेस, गोल्डन टेंपल, नई दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस, पुरी-ऋषिकेश एक्सप्रेस एक से चार घंटे तक लेट रहीं। बच्चे भी सुबह ठिठुरते हुए स्कूल गए। इसके अलावा कोहरे के कारण अलग-अलग सड़क हादसों में नौ लोग भी घायल हुए।
कोहरा रविवार रात दस बजे से ही शुरू हो गया था, जो सुबह नौ बजे तक रहा। हवा के बीच धीरे धीरे कोहरा साफ हुआ, लेकिन पूरे दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। आसमान पर बादल छाए रहे। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 14.8 डिग्री व रात का न्यूनतम 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को भी सुबह से ही कोहरा छाया रहा और दोपहर तक भी सूरज नहीं नजर आया। कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि 6 जनवरी तक कोहरा और शीतलहर का असर इसी तरह जारी रहेगा। जब दिन और रात के तापमान में अंतर कम होता है तो गलन जैसी स्थिति बन जाती है।