उन्नाव जिले में माखी थाना क्षेत्र के परेंदा गांव में शुक्रवार शाम हुई युवक की हत्या की घटना में पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में बेरहमी से पीटने और गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। उसके सिर में कई गहरी चोटें, पांच पसलियां टूटी और लीवर फटा मिला है।
अनुमान है कि एक से अधिक लोग घटना में शामिल रहे। मृतक के भाई की तहरीर पर गांव के ही पांच लोगों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर, नामजद आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। थाना क्षेत्र के परेंदा गांव निवासी शैलेंद्र सिंह (35) की शुक्रवार शाम हत्या कर दी गई थी।
उसका शव गांव से करीब पांच सौ मीटर दूर बाजार जाने वाले रास्ते पर पानी की टंकी के पास मिला था। एसपी, एएसपी, सीओ ने जांच की थी। परिजनों ने गांव के ही लोगों पर नाली के पुराने विवाद के में हत्या की आशंका जताई थी। देर रात मृतक के भाई धर्मपाल सिंह ने पुलिस में तहरीर दी।