फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mulayam Singh Funeral: नेताजी की अंत्येष्टि में जुटा जनसैलाब, हर जुबां पर थे संस्मरण, पढ़िए अनसुने किस्से

Tue, 11 Oct 2022 08:56 PM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इटावा
विज्ञापन
1 of 5
नेताजी मुलायम सिंह यादव के साले महाराज सिंह यादव - फोटो : अमर उजाला
नेताजी, धरतीपुत्र, विकास पुरुष... ये उपाधि ही नहीं बल्कि उस शख्शियत का परिचय है, जिसने अपने काम से हर दिल में जगह बना ली। मंगलवार सुबह से सैफई स्थित उनके घर और अंत्येष्टि स्थल पर लोग पहुंचते रहे। लोगों की जुबां से सिर्फ यही सुनाई दे रहा था कि हमारे नेताजी चले गए। गम में डूबे लोग खुद को संभालने के साथ ही दूसरों को भी ढांढस बंधाते रहे। नेताजी से जुड़े संस्मरण याद कर अचानक लोग रो पड़ते। बताते कि कैसे नेताजी ने आगे बढ़कर दुख-मुसीबत में उनका साथ दिया। परिस्थितियां विकट हुईं, लेकिन उन्होंने साथ नहीं छोड़ा। जो भी उनके पास गया कभी खाली हाथ नहीं लौटा।  हम आपको नेताजी जी से जुड़े कुछ अनकहे किस्से बताने जा रहे हैं....

बैलगाड़ी से बहन को ब्याहने आए थे नेताजी
नेताजी मुलायम सिंह यादव बैलगाड़ी से मेरी बड़ी बहन मनताश्री को ब्याहने आए थे। यह बात अत्यंष्टि के दौरान पहुंचे नेताजी के बहनोई महाराज सिंह यादव ने उनकी शादी की याद को ताजा करते हुए रुंधे गले से कही।
थाना चौबिया क्षेत्र के रेपुरा निवासी महाराज सिंह ने आंखों में आंसू भरे हुए बताया कि वर्ष 1958 में नेता जी की शादी हुई थी। हम चार भाई बहन थे। दो बहनें व दो भाई। इनमें नेताजी से सबसे बड़ी बहन मालती देवी की शादी कराई थी। उन्हें हम लोग मनताश्री नाम से भी पुकारा करते थे।

उस समय नेताजी कक्षा आठ के छात्र थे। पढ़ने में बहुत ही तेज थे, जिसकी वजह से हमने अपनी बहन की शादी की थी। जब नेताजी उनके यहां बरात लेकर पहुंचे तो वे बैलगाड़ी पर सवार थे। दो दिन तक लगातार बरात रुकने के बाद तीसरे दिन वापस हुई थी। शादी के बाद नेताजी का उन्नति सफर शुरू हो गया। नेताजी से लगातार मुलाकात होती रहती थी। जब भी कोई कार्यक्रम हुआ करते थे वे जरूर शामिल होते थे। हमारा सौभाग्य है कि नेताजी के साथ हमारी बहन की शादी हुई थी। नेताजी को दही और बूरा बहुत ही पसंद था। जब भी वह हमारे यहां आते थे, उन्हें हम लोग दही और बूरा खिलाया करते थे।
Trending Videos
विज्ञापन

2 of 5
धर्मबीर यादव और लालजी यादव  - फोटो : अमर उजाला
नेताजी के संस्मरण सुनाकर भावुक हो उठे पहलवान
अंतिम संस्कार में कानपुर देहात के मैथा से पहलवान धर्मबीर यादव नेताजी से जुड़े अपने संस्मरण सुनाते हुए भावुक हो उठे।  नम आंखों व रुंधे गले से कि पहली बार जब नेताजी मुख्यमंत्री बने थे उसी दौरान चंदगीराम स्टेडियम में दंगल का कार्यक्रम था। उस दंगल मे पहली कुश्ती में  हमने बिहार के राजेश को चंद मिनट में हरा दिया। लास्ट कुश्ती भी हमारे नाम ही हुई, जिसमें नेता जी ने हाथ में मिलवाया था। 

वहीं, इलाहाबाद से आए  लालजी यादव  पहलवान ने बताया कि हम पहलवानों को नेता जी ने हमेशा ही सम्मान दिया। जब-जब चंदगीराम स्टेडियम में दंगल का कार्यक्रम हुआ उस दौरान हम लोगों का बहुत ही बड़ा सम्मान किया क्योंकि नेता जी भी पहले पहलवानी किया करते थे। और दंगल में आकर के पहलवानों के साथ हाथ मिलाया करते थे, वह दांवपेच भी हम लोगों को सिखाते थे। पहलवानी के उनसे मिले गुर का ही परिणाम है कि आज हम लगातार राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में विजेता होते चले जा रहे हैं।
विज्ञापन

3 of 5
तत्कालीन राष्ट्रपति अब्दुल कलाम, राज्यपाल सत्य नारायण शास्त्री के साथ मुलायम सिंह यादव व रेल मंत्री - फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रपति का दौरा निरस्त होने पर भी नहीं हटने दिया था मंच
नेता जी काफी जिद्दी स्वभाव के लिए जाने जाते थे। अगर उन्होंने कोई बात कह दी तो वह उस पर अडिग रहते थे। उन्होंने सैफई में तत्कालीन राष्ट्रपति अब्दुल कलाम का कार्यक्रम लगवाया था। तत्कालीन रेल मंत्री नीतीश कुमार को इटावा-मैनपुरी रेल मार्ग की घोषणा करनी थी, लेकिन मौसम की खराबी के कारण राष्ट्रपति का दौरा निरस्त हो गया। सैफई में लोगों का भारी जमावड़ा था।

कलाम के न आने से लोग मायूस होकर लौटने लगे तभी मुलायम ने घोषणा की यहां जो मंच और टेंट लगा है, उसे तब तक नहीं हटाया जाएगा जब तक राष्ट्रपति सैफई नहीं आ जाएंगे। कुछ दिनों तक टेंट लगा रहा। बाद में अब्दुल कलाम के साथ तत्कालीन राज्यपाल सत्य नारायण शास्त्री, रेल मंत्री सैंफई आए और सभा की। वहीं पर रेलमंत्री नीतीश कुमार ने मैनपुरी इटावा रेलवे लाइन व इटावा को जंक्शन बनाने की घोषणा की थी। रिटायर्ड पुलिस अधिकारी राम नाथ सिंह ने बताया कि नेताजी जो बात कह देते थे उस पर कायम रहते थे।

4 of 5
मुलायम सिंह यादव (फाइल) - फोटो : अमर उजाला
जब जोखिम उठाकर सभास्थल पर उतरवाया हेलिकॉप्टर 
बात 2004 के लोकसभा चुनाव की है। मुलायम सिंह यादव मुख्यमंत्री थे। महेवा में सपा प्रत्याशी रघुराज सिंह शाक्य के समर्थन में महेवा में चुनावी जनसभा को संबोधित करने आए थे। उन्होंने पायलट से सभा स्थल के पास हेलिकॉप्टर उतारने के लिए कहा। पायलट ने जोखिम का हवाला दिया। इस पर उन्होंने पायलट को जबरन महेवा में हेलिकॉप्टर उतारने के निर्देश दिए। तब अधिकारियों की सांसें अटक गई थीं। चार बार के प्रयास में सभास्थल पर हेलिकॉप्टर सफलतापूर्वक उतर पाया था। 

मुलायम सिंह के पहलवानी के समय से काफी करीबी रहे बकेवर निवासी व पूर्व चेयरमैन हमीद पहलवान बताते हैं कि मैदान में जगह नहीं होने से पायलट को हेलीपैड पर लैंड करने में समस्या हो रही थी। पीछे स्कूल भवन की इमारत व आसपास बड़े-बड़े पेड़ आड़े आने पर पायलट हेलिकॉप्टर को ऊपर ले गया। हेलिकॉप्टर क्रैश होने का खतरा था। पायलट ने तीन बार उतारने का प्रयास किया। असफल होने पर मुख्यमंत्री को हेलिकॉप्टर उतारने से मना कर दिया था। मुलायम सिंह ने कहाकि फिर प्रयास करो। चौथी बार में पायलट ने किसी तरह हेलिकॉप्टर सभास्थल के पास ही उतार दिया। चुनाव होने के कारण किसी अधिकारी के विरुद्ध इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन

5 of 5
मुलायम सिंह यादव - फोटो : अमर उजाला
एक तिलक समारोह में जिस सोफे पर बैठे, उसे संभाले रखे हैं पूर्व प्रधान
आम लोगों से गहरा जुड़ाव होने के कारण ही मुलायम को धरतीपुत्र कहा गया। किसी जनसभा में गए हों या खास के तिलक समारोह में, लोगों ने उनकी यादों को संजोकर रखा है। खितौरा निवासी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि 1999 में उनके छोटे भाई डॉ. अमित यादव के तिलकोत्सव में नेता जी आए थे। इस दौरान उन्होंने गांव में करीब चार घंटे बिताए थे। जिस सोफे पर बैठकर खाना खाया था, उसे उन्होंने संजोकर रखा है। पूर्व प्रधान ने बताया उनके बड़े भाई डॉ. एलएस यादव बुद्धजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष थे। उनके साथ 1992 में खितौरा पाली पुल का शिलान्यास किया था। वहीं 1996 में देश के रक्षामंत्री रहते हुए नेता जी ने कस्बे में जनसभा की थी। जिसकी अध्यक्षता गजराज सिंह चौधरी ने की थी। उनके बेटे लक्ष्मण प्रसाद बताते हैं कि प्राचीन शिवमंदिर के परिसर में आयोजित सभा में हजारों की भीड़ उमड़ी थी। ये उनके जमीन से जुड़े होने का प्रमाण था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें