कानपुर देहात में मंगलपुर थाना क्षेत्र के हरपुरा गांव में बुधवार सुबह एक किसान का शव खेत में बने प्रधानमंत्री आवास के बाहर चारपाई पर पड़ा मिला। उनके मुंह और नाक से खून निकल रहा था। सूचना पर मंगलपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच के साथ साक्ष्य एकत्र किए।
थाना मंगलपुर के गांव हरपुरा निवासी सियाराम (70) मंगलवार की शाम भोजन करने के बाद गांव से दो सौ मीटर पर खेत में चले गए। यहां बने प्रधानमंत्री मंत्री आवास के बहार चारपाई पर लेट गए। बुधवार की सुबह उनके बड़े पुत्र गोरेलाल कुशवाहा की पत्नी मिथलेश कुमारी खेत पर भैंस बांधने गई, तो ससुर को सोता देखा।
इस पर आवाज देकर जगाने का प्रयास किया, पर कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। जिस पर उनके शरीर पर पड़ी चादर को मिथलेश ने हटाया तो उनके नाक व मुंह से खून निकल रहा था। मिथलेश ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। सूचना पाते ही परिजन बिलख पड़े। घटना की सूचना मृतक के बड़े पुत्र गोरेलाल ने मंगलपुर पुलिस को दी।