कानपुर में कल्याणपुर थाना क्षेत्र से 16 दिनों से लापता महाराणा प्रताप स्कूल में गार्ड तन्मय तिवारी (22) की हत्या का आरोप परिजन यूं ही नहीं लगा रहे हैं। तन्मय के सिर पर गहरी चोट मिली है। परिजनों ने अपहरण का मुकदमा दर्ज करा रखा था।
उन्होंने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा गुरुवार को कल्याणपुर थाने में हंगामा किया। उत्तरीपूरा निवासी तन्मय तिवारी उर्फ अनी (22) पिछले चार महीनों से स्कूल में गार्ड की नौकरी करके विनायकपुर में किराये के मकान में रह रहा था।
बहनोई विकास शुक्ला ने बताया कि 7 दिसंबर को वह अपने दोस्तों के साथ शादी में गया था। इसके बाद वह लापता हो गया। पिता प्रभाकर तिवारी ने 16 दिसंबर को कल्याणपुर थाने में चार लोगों अनीता पांडेय, निर्भय यादव, दीपांशु कुशवाहा व करन चौरसिया निवासी कल्याणपुर पश्चिमी के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था।