इटावा जिले में बसरेहर थाना क्षेत्र के चकवा खुर्द गांव में दबंगई का एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने पुलिस को भी चौंका दिया। गैंगेस्टर और उसके भाई ने युवक को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। युवक की जब मौत हो गई तब शव को घाट पर ले गए और मृतक के बड़े भाई पर तमंचा तानकर शव को जलवा दिया।
रविवार रात हुई इस घटना का खुलासा सोमवार सुबह तब हुआ जब मृतक का भाई खुद थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने अधजला शव बरामद किया है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
चकवा खुर्द गांव निवासी कन्हैया यादव उर्फ गौरव (32) पुत्र सुखवीर सिंह यादव पिता के साथ खेती-बाड़ी करता था। परिवार में पत्नी रीना देवी और तीन बच्चे शिवम (9), अन्नू (6) और अनुष्का (3) हैं। कन्हैया पत्नी और बच्चों के साथ अलग मकान में रहता था।