बांदा जिले में नरैनी कोतवाली क्षेत्र के बरसड़ा मानपुर में हुई दंपती की हत्या की वजह घरेलू कलह सामने आई है। रिश्तेदारों का कहना है कि हत्यारोपी पति की ज्यादती और आपसी झगड़े के कारण पत्नी एक साल से अपने मायके में रह रही है। वहीं, कुछ रिश्तेदारों का कहना है कि मृतक पुत्र अपनी मां को घर में रहने नहीं दे रहा था।
इसकी वजह से वह अपने मायके में जाकर रहने लगी। हत्यारोपी देशराज राजपूत (60) पेशे से किसान है। उसके पास 16 बीघा जमीन है। उसका एक ही पुत्र था मन्नूलाल राजपूत। मन्नूलाल राजपूत की शादी चुन्नीदेवी से हुई थी। मृतक मन्नूलाल के तीन पुत्र हरदयाल (18), रामदयाल (16), दीनदयाल (14) और एक पुत्री वैजयंती (12) है।
हरदयाल और रामदयाल बांदा में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। हरदयाल बीएससी कर रहा है और रामदयाल डीएवी इंटर कॉलेज से 12वीं का छात्र है। सबसे छोटा पुत्र दीनदयाल नेढुवा कॉलेज में 10वीं का छात्र है। सबसे छोटी पुत्री वैजयंती गांव के ही जूनियर हाईस्कूल में आठवीं की छात्रा है। घटना के सामय सभी घर पर ही थे।