उप मुख्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री केशव प्रसाद मौर्य छाजा गांव की पाठशाला में चौपाल लगाएंगे। गांव की छुन्नी देवी के घर भोजन करेंगे। गांव को खुले में शौच मुक्त घोषित करेंगे। मेधावी खोज प्रतियोगिता में जिले में अव्वल रहे कक्षा सात के छात्र विनय कुमार को सम्मानित करेंगे।
जिलाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने मंगलवार को उप मुख्यमंत्री के रात्रि प्रवास की तैयारी का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने बताया कि ग्राम पंचायत के लोगों ने संकल्प लिया है कि उप मुख्यमंत्री के आने पर गांव को खुले में शौच मुक्त करेंगे।
इसके लिए दिन रात छूटे हुए घरों में शौचालय निर्माण का काम चल रहा है। 40 राज मिस्त्री शौचालय बनाने में लगे हैं। घाटमपुर तहसील के नए भवन का लोकार्पण करने के बाद उप मुख्यमंत्री रात्रि प्रवास कर पाठशाला में चौपाल लगाएंगे।
ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका निस्तारण करेंगे। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी और अन्य अफसर मौजूद रहे।