फतेहपुर जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र में तिलक समारोह से निकली फुफेरी बहनों की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। अगवा बहनों के करीब 20 घंटे बाद शव पुलिस को मिले हैं। सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। कातिलों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर केमिकल डाला है। चेहरे को ईंट पत्थर से कूंचा भी गया है।
सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती (26) रिश्ते में फुफेरे भाई के तिलक समारोह में गुरुवार शाम परिवार के साथ शामिल होने आई थी। तिलक के बाद करीब रात आठ बजे सभी लोग खानपान कर रहे थे। युवती दूल्हे की बहन (16) के साथ शौच के लिए जंगल जाने के लिए निकली।
किशोरी के भाई ने दोनों से जाने का कारण पूछा और खाना खाने की बात कही। किशोरी ने भाई से कहा कि वह कुछ देर बाद लौटकर खाना खाएगी। काफी समय बीतने पर दोनों घर नहीं आई। परिवार के लोग दोनों की तलाश में जुटे, लेकिन कोई पता नहीं लगा। किशोरी का भाई शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे कोतवाली पहुंचा।