चित्रकूट जिले के शिवरामपुर कस्बे में सांड से टकराकर जान गंवाने वाले दंपती का शनिवार की शाम को गमगीन माहौल में गांव में अंतिम संस्कार हुआ। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की रात को ननिहाल से जाते समय गोलू के मामा आदि ने कई बार रात यहीं गुजारने के लिए कहा था।
लेकिन वह जिद कर लौट रहे थे। किसी को नहीं पता था कि जिन्हें हंसी खुशी विदा किया, वह हमेशा के लिए दुनिया से चले जाएंगे। इस हादसे में बाल बाल बचे दो साल के गोलू की हालत खतरे से बाहर है, उसका इलाज सतना में चल रहा है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
झांसी मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग के शिवरामपुर चौकी क्षेत्र के कस्बे में शुक्रवार की रात अचानक सड़क पर आए सांड से बाइक की टक्कर हो गई थी। इसमें बाइक सवार सतना मप्र के बरौंधा थाना अंतर्गत जवारिन निवासी विजय यादव (30) पुत्र छोटेलाल पत्नी संगीता यादव (26) की मौत हो गई थी।