बांदा जिले के बबेरू थाना क्षेत्र में घर में सोई युवती की बुधवार की रात गला रेतकर हत्या कर दी गई। गुरुवार की सुबह पिता ने खून से लथपथ शव पड़ा देखा, तो प्रधान और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस अफसरों ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंचकर पड़ताल की।
पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के हरदौली गांव के मुन्ना ने पुलिस को बताया कि गुरुवार की सुबह बेटी को जगाने के लिए कमरे की कुंडी खटखटाई तो आवाज नहीं हुई। इस पर मकान में घूमकर पहुंचा, तो पीछे का दरवाजा खुला मिला।
अंदर तख्त पर बेटी भोला देवी (20) का शव खून से लथपथ मिला। बिस्तर से रजाई नीचे गिरी हुई थी। धारदार हथियार से बेटी की गला रेतकर हत्या की गई थी। उन्होंने बताया कि घटना के समय घर में वह, बेटी भोला देवी और उसकी भाभी पूनम ही थीं।