उरई जिले के मुहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र में डकोर निवासी अपहृत वृद्ध प्रेम बाबू की सुपारी देकर हत्या कराई गई है। आरोपियों ने वृद्ध को 26 फरवरी को ही बेहद निर्ममता से मार डाला था। पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए दो आरोपियों ने घटना के बारे में जानकारी दी है।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पहले प्रेमबाबू की हत्या गले में बेल्ट से गला घोंटकर करना चाही लेकिन वे सफल नहीं हुए, बाद में उन्होंने सब्जी काटने वाले चाकू से गला रेतकर हत्या की और शव वहीं पर फेंक दिया। पुलिस के अनुसार डकोर निवासी 67 वर्षीय प्रेमबाबू का उसके साझीदार फूल सिंह और शत्रुघन ने अपहरण कर लिया था।
उस दिन बुजुर्ग अपने उरई स्थित मकान पर आए हुए थे, यहां से दोनों उन्हें स्कूटी से जालौन लेकर गए और कस्बा निवासी मोहित, जालौन के ही चुर्खीवाल निवासी आरिफ को सौंप दिया था। इसके बाद ये दोनों बुजुर्ग को नौमान के ऑटो से औरेया की ओर ले गए।