नेपाल के पोखरा हवाई पट्टी पर उतरने से कुछ क्षण पहले विमान हादसे में उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के चार युवकों की मौत हो गई। जान गंवाने वाले अनिल जहूराबाद में तो अभिषेक धरवां में जनसेवा केंद्र का संचालन करते थे। विशाल शर्मा अलावलपुर में एक बाइक एजेंसी में फाइनेंस का कार्य करते थे और सोनू जायसवाल कांट्रेक्ट पर सारनाथ में शराब की दुकान का संचालन करते थे। हंसी-खुशी के साथ परिवार का जीवन चल रहा था। लेकिन इस हादसे ने मां की गोद सूनी कर दी, पत्नियों का सुहाग उजड़ गया और मासूमों के सिर से पिता का साया उठ गया।
हर किसी की आंखें नम और उदासी में डूबी हुई थीं। लेकिन कौन किसे संभाले, कौन किसके आंसू पोछे। जवान बेटों को खोने का गम सभी के लिए बेहद दर्दनाक था। सभी के चेहरे पर दर्द झलक रहा था। हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया।