बदायूं के कछला घाट पर गंगा में बहे एमबीबीएस के तीन छात्रों की तलाश जारी है। उनकी तलाश के लिए शनिवार देर शाम एसडीआरएफ की टीम बदायूं पहुंच गई थी। रोशनी के लिए जनरेटर की व्यवस्था कर रात 12:00 बजे तक गंगा में खोजबीन अभियान चला। करीब एक किलोमीटर तक छात्रों को तलाश किया गया, लेकिन रात होने की वजह से सर्च अभियान रोक दिया गया था। रविवार सुबह फिर से सर्च अभियान शुरू कर दिया गया। एसडीआरएफ के अलावा तमाम गोताखोर छात्रों को तलाश कर रहे हैं। सुबह भी गंगा घाट पर पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र राजस्थान के भरतपुर निवासी अंकुश, गोरखपुर निवासी प्रमोद यादव, हाथरस निवासी नवीन सेंगर, बलिया निवासी पवन यादव और जौनपुर निवासी जय मौर्य बाइक से महाशिवरात्रि पर गंगास्नान करने कछला घाट पहुंचे थे। नहाते समय पांच छात्र गंगा में बहने लगे। इनमें से अंकुश और प्रमोद को बचा लिया गया, लेकिन नवीन सेंगर, पवन यादव और जय मौर्य का अब तक कुछ पता नहीं चल सका है।