बरेली में माहभर से प्रचंड गर्मी झेल रहे शहरवासियों को बुधवार रात प्री-मानसून की पहली बारिश ने राहत पहुंचाई। गरज, चमक व तेज हवा के साथ बादल घिरे और करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। रात में भी रुक-रुक कर हल्की, तेज बारिश होती रही। बृहस्पतिवार को भी बारिश का संभावना जताई गई है।
प्री-मानसून के आगाज से महज एक दिन पहले सोमवार को बरेली के इतिहास में जून में तीसरी बार सर्वाधिक गर्म रात दर्ज हुई थी। बीते दो माह में महज आठ दिन बादल मंडराए, कुछ जगहों पर बूंदाबांदी हुई पर उच्च वायुदाब का क्षेत्र होने की वजह से अनुकूल माहौल नहीं बन सका। लोग भीषण गर्मी का प्रकोप सहते रहे। अस्पतालों में डायरिया, त्वचा, लू के संदिग्ध लक्षणों वाले मरीजों की कतार लग रही है।
विज्ञापन
2 of 5
बरेली में बुधवार रात हुई बारिश
- फोटो : अमर उजाला
कमोवेश यही स्थिति बुधवार को सुबह से शाम तक रही, लेकिन रात नौ बजे के बाद मौसम का मिजाज बदलने लगा। रात 10 बजे तेज हवा चली और कुछ देर बाद बूंदाबांदी शुरू हो गई। चंद पलों में घने बादल घिरे और तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। मौसम विभाग ने तीन दिन तक मौसम अनुकूल बने रहने पर हल्की, तेज बारिश होने और तापमान में गिरावट का पूर्वानुमान जताया है।
विज्ञापन
3 of 5
बरेली में बुधवार रात हुई बारिश
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार को सुबह सात बजे हल्के बादल मंडराए पर धूल भरी तेज हवा चलने से सुबह नौ बजे तक आसमान साफ हो गया। शाम पांच बजे तक भीषण गर्मी का प्रकोप हावी रहा। अधिकतम पारा एक डिग्री लुढ़ककर 43.3 डिग्री और न्यूनतम 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
4 of 5
बरेली में बुधवार रात में हुई बारिश
- फोटो : अमर उजाला
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बुधवार से प्री-मानसून की बारिश का आगाज हो गया है। बृहस्पतिवार को हल्के, घने बादल मंडराएंगे। 21 जून से फिर राहत भरी बारिश के आसार हैं।
33 केवी लाइन फेल, कई इलाके अंधेरे में डूबे
तेज हवा और बारिश के बीच बुधवार रात शहर के कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। हरुनगला और सुभाषनगर उपकेंद्रों की 33 केवी लाइनें ब्रेक डाउन होने से इन इलाकों में अंधेरा छा गया। तेज हवा के बीच एहतियात के तौर पर भी कुछ फीडरों पर आपूर्ति बंद करनी पड़ी। रात 11 बजे बारिश थमने के बाद भी देर रात तक शहर में आपूर्ति सुचारु नहीं की जा सकी।