बरेली में ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर ईदगाह समेत तमामत मस्जिदों में हजारों लोगों ने नमाज अदा की। नमाज अदा करने के बाद देश में अमन, एकता और खुशहाली के लिए दुआ की गई। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इबादत के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। बरेली के अलावा शाहजहांपुर, बदायूं, पीलीभीत और लखीमपुर खीरी में भी खुशनुमा माहौल में ईद-उल-अजहा का त्योहार मनाया जा रहा है। ईदगाहों समेत सभी छोटी-बड़ी मस्जिदों में नमाज अदा कराई गई।
बकरीद पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बरेली में घनी आबादी वाले इलाकों में ड्रोन की मदद से निगरानी की जा रही है। शहर की सभी मस्जिदों और ईदगाह पर पुलिस तैनात की गई है। पुलिस अधिकारियों के साथ टीम बनाकर प्रशासन के अफसर भी भ्रमण पर हैं। वहीं ईद-उल-अजहा के मद्देनजर बृहस्पतिवार को रूट डायवर्जन किया गया है। रात 12 बजे तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक है।