लखीमपुर खीरी में पीलीभीत-बस्ती मार्ग पर पनगी खुर्द गांव के पास शनिवार शाम को हादसे के बाद जुटी भीड़ खुद हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार ट्रक ने कई लोगों को कुचल दिया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि छह घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल पर भयावह मंजर देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। हर तरफ चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अनियंत्रित ट्रक ने इतनी तेज टक्कर मारी कि लोग हवा में उछलकर इधर-उधर जा गिरे।
सड़क हादसे की प्रत्यक्षदर्शी शांति देवी ने बताया कि स्कूटी से महिला और एक लड़का रामापुर की ओर से कीरतपुर की ओर जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात चार पहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद उनके परिवार और आसपास के लोग व राहगीर दोनों को उठाने के लिए सड़क पर गए थे, तभी दो कारें भी रुक गईं। कारों में सवार लोग भी घायलों की मदद के लिए निकल आए। तभी काल बनकर आए ट्रक ने सड़क पर खड़े लोगों को रौंद दिया।