बदायूं के बिल्सी कस्बे के प्रिंस की हत्या का सूत्रधार सराफा व्यापारी अमित वार्ष्णेय ही निकला। वह लंबे समय से उसकी हत्या की योजना बना रहा था लेकिन उसमें अपना नाम आने से बचने की कोशिश भी कर रहा था। उसने साजिश के तहत प्रिंस के छोटे भाई हर्ष को हरिद्वार से बुलाया और दो फरवरी की रात प्रिंस की हत्या करा दी। हर्ष ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
मामले में बिल्सी के खैरी बस स्टैंड निवासी राजेश कुमार ने अपने मझले बेटे हर्ष कुमार, उसके दोस्त दिवांश मराठा, उदय माहेश्वरी और सराफा व्यापारी अमित वार्ष्णेय के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उनका कहना है कि वह परिवार के साथ हरिद्वार में रहकर एक फैक्टरी में काम करते हैं। उनका बेटा प्रिंस घर में ही दुकान में बिजली का सामान बेचता था, जबकि हर्ष उनके साथ रहता था। 28 फरवरी को हर्ष हरिद्वार से बिल्सी आया था।