फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: किसी के बुढ़ापे की टूटी लाठी... कोई हुआ अनाथ, दो सहायक विकास अधिकारी और महिला प्रिंसिपल समेत पांच की मौत

Sat, 09 Aug 2025 09:48 AM IST
शाहरुख खान प्रेम अवस्थी, अमर उजाला, बाराबंकी

सार

बाराबंकी में दर्दनाक हादसा हुआ। यहां चलती रोडवेज बस पर पेड़ गिर गया। हादसे में चार महिलाओं और चालक की मौत हो गई। मरने वालों में दो एडीओ, एक शिक्षिका की मौत हो गई। 18 घायल हो गए।
विज्ञापन
1 of 13
हरख गांव के पास गूलर का पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त अनुबंधित बस व उसमें बैठे घायल यात्री - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बाराबंकी के हरख गांव के पास बस पर पेड़ गिरने से हुए हादसे में पांच लोगों की मौत के बाद घटनास्थल से लेकर अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस तक कोहराम मचा रहा। हादसे में किसी के बुढ़ापे की लाठी टूटी तो कोई पिता के बाद मां का साया भी छिन जाने से अनाथ हो गया। 

परिजनों के साथ ही अपनों को खोने की पीड़ा से मौजूद दोस्त, रिश्तेदार और अधिकारी सभी के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। हरख ब्लॉक की बीडीओ प्रीति वर्मा जिला अस्पताल के शव गृह के पास हादसे का शिकार हुई सहकर्मी एडीओ महिला मीना श्रीवास्तव व जूही सक्सेना के बारे में चर्चा कर फफक पड़ती थीं। 
विज्ञापन

2 of 13
मृतका जूही का फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पिता के बाद नैना अब मां के निधन से अनाथ
जूही अपने वृद्ध पिता मदन मोहन सक्सेना और मां के बुढ़ापे का इकलौता सहारा थीं। जूही के परिजन भी रो-रोकर परेशान थे। वहीं मीना श्रीवास्तव के पति दुर्गेश कुमार का निधन छह साल पहले ब्रेन ट्यूमर से हुआ था। मीना की इकलौती पुत्री 17 वर्षीय नैना पिता के बाद अब मां के निधन से अनाथ हो गई। 

 
विज्ञापन

3 of 13
हरख गांव के पास गूलर का पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त अनुबंधित बस - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जेठ चंद्रेश श्रीवास्तव ने शवगृह पहुंचकर मीना की शिनाख्त की। रामसनेहीघाट क्षेत्र के बस चालक मृतक संतोष कुमार माता-पिता का इकलौता पुत्र था। परिवार में पत्नी व दो बच्चे हैं। संतोष की मां रानी अपने रिश्तेदारों के साथ शवगृह पहुंची तो बेटे का शव देखकर गश खाकर गिर पड़ी। 

4 of 13
मृतक बस चालक संतोष कुमार सोनी (फाइल फोटो) - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
उसके मुंह से बस इतना ही निकाला कि हमारे तो बुढ़ापे की लाठी टूट गई। शिक्षिका शिक्षा मेहरोत्रा के पति विनय मेहरोत्रा व देवर मनीष मेहरोत्रा भी फूट-फूटकर रोते दिखे। शव गृह पहुंची अमेठी जिले के इन्हौना क्षेत्र के ग्राम भीखीपुर की मृतका रफीकुल की पुत्री के आंसू भी रुकने का नाम नहीं ले रहे थे।
 
विज्ञापन

5 of 13
अस्पताल में भर्ती घायल महिला - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सीएचसी सतरिख और पीएचसी हरख पहुंचे 17 घायल 
बस यात्रियों में कंपोजिट विद्यालय कुम्हारावा में सहायक अध्यापक शैल कुमारी पत्नी सुधीर कुमार निवासी कोटवा कला थाना कोठी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि सतरिख सीएचसी में लवलेश निवासी भुनई रुद्र थाना कोठी व अर्जुन निवासी कोठी को सीएचसी सतरिख ले जाया गया। इसी तरह हरख पीएचसी पर इलाज के लिए 10 लोग पहुंचे, जिन्हें हल्की चोटें लगी थी।
 
विज्ञापन

6 of 13
रफीकुन निशां की फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
अहसान के नेक जज्बे ने बचाई जान
हादसे के समय बस में सवार शहर के मोहल्ला दुर्गापुरी के रहने वाले अहसान अहमद की असंद्रा में इलेक्ट्रानिक की दुकान है। बताया कि हादसे का शिकार बनी महिलाएं जिस सीट पर बैठी थी, उस सीट पर वह बैठे थे। बाद में वह नेक जज्बा दिखाते हुए महिलाओं के लिए सीट छोड़कर पीछे चले गए। सीट छोड़ने के लिए महिलाओं ने उनका शुक्रिया भी अदा किया था। लेकिन उन्हें क्या पता था कि जिस सीट को वह छोड़ रहे हैं वह मौत की सीट बन जाएगी। 

 
विज्ञापन

7 of 13
हरख गांव के पास गूलर का पेड़ गिरने से क्षतिग्रस्त अनुबंधित बस व उसमें बैठे घायल यात्री - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ब्रेक लगाने पर भी पेड़ के नीचे पहुंच गई बस
बस हादसे में घायल होने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती यात्री शैल कुमारी ने बताया कि बारिश हो रही थी, अचानक ड्राइवर ने सामने गूलर का पेड़ सड़क की ओर गिरते हुए देखा और तेज आवाज में अरे... कहते हुए ब्रेक लगाया। शायद बारिश के कारण ब्रेक के बावजूद बस रुकते-रुकते पेड़ के नीचे आ गई। 

8 of 13
मृतका शिक्षा का फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
चलती बस पर गिरा पेड़, चार महिलाओं व चालक की मौत
बाराबंकी में बारिश के दौरान रोडवेज की अनुबंधित बस पर पेड़ गिरने से चालक और बस में सवार चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। 18 लोग घायल हो गए। हादसा शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे हैदरगढ़ मार्ग पर जिला मुख्यालय से नौ किलो मीटर दूर हरख गांव के पास हुआ। बाराबंकी से हैदरगढ़ जा रही बस में 59 यात्री सवार थे।

 

9 of 13
मृतका मीना का फाइल फोटो - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बस अड्डे से चली बस में शुक्रवार को बारिश के चलते ऑफिस जाने वाले कई लोग सवार थे। रास्ते में अचानक गूलर का पेड़ गिरने से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कई यात्री दब गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने राहत कार्य शुरू किया। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और एसपी अर्पित विजयवर्गीय मौके पर पहुंचे। 

 

10 of 13
शव गृह में रो-रो कर बेहोश हुईं चालक संतोष की मां को संभालतीं रिश्तेदार - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एसपी ने बताया कि पेड़ काटकर मृतकों व घायलों को बाहर निकाला गया। कई लोग बस की खिड़की से कूदकर निकले। घायलों को इलाज के लिए पीएचसी और सीएचसी ले जाया गया।

 

11 of 13
मोबाइल पर फोटो और वीडियो देखकर आवाक दिखीं साथी महिला शिक्षिकाएं - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
सीएम ने जताया दुख, पीड़ित परिजनों को आर्थिक सहायता 
सीएम योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता व घायलों के इलाज के निर्देश दिए हैं।

 

12 of 13
शव गृह के सामने रोते हुए फोन पर हादसे के बारे में अधिकारियों से बतातीं बीडीओ हरख प्रीति वर्मा - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हादसे में इनकी गई जान 
हादसे में हरख ब्लॉक में सहायक विकास अधिकारी (श्रम) मीना श्रीवास्तव (55), हरख ब्लॉक में सहायक विकास अधिकारी (सांख्यिकी) जूही सक्सेना (28), सिद्धौर ब्लॉक के कादीपुर मंसारा विद्यालय में प्रधानाध्यापक शिक्षा मेहरोत्रा (53) की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों बस से दफ्तर के लिए जा रहीं थीं।
विज्ञापन

13 of 13
पोस्मार्टम हाउस में रोते बिलखते मृतका के परिजन - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
इसके अलावा देवा में सूफी संत की मजार पर चादर चढ़ाकर लौट रहीं अमेठी के इन्हौना निवासी रफीकुन निशां (50) और बाराबंकी के रामसनेहीघाट निवासी बस चालक संतोष कुमार (32) ने भी दम तोड़ दिया।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें