Prayagraj News : भीषण ठंड में कुछ इस तरह निकलीं युवतियां।
- फोटो : अमर उजाला।
एक साथ आठ उड़ानें निरस्त, दिल्ली और भुवनेश्वर के विमान ही पहुंचे
खराब मौसम और दृश्यता ठीक न होने की वजह से प्रयागराज एयरपोर्ट आने वाली आठ उड़ानें निरस्त रहीं। इस वजह से यात्रियों को खासी दिक्कत हुई। इस सीजन में पहली बार एयरपोर्ट में इतनी संख्या में उड़ानें निरस्त हुई हैं। एयरपोर्ट में सिर्फ दिल्ली और भुवनेश्वर उड़ान की ही आवाजाही विलंब से हो सकी।
प्रयागराज एयरपोर्ट पर जिन विमानों की आवाजाही निरस्त रही, उसमें मुंबई, बंगलूरू, इंदौर, लखनऊ, गोरखपुर, भोपाल, देहरादून एवं रायपुर उड़ानें शामिल रहीं। इन सभी आठ शहरों के लिए सोमवार को विमानों का आवागमन नहीं हुआ। इस बीच बंगलूरू और मुंबई फ्लाइट ने उड़ान तो भरी, लेकिन दृश्यता ठीक न होने की वजह से वह प्रयागराज में उतर नहीं सकी। बाद में दोनों लखनऊ भेज दी गईं।
उधर, भुवनेश्वर उड़ान दोपहर 12 बजे की जगह शाम चार बजे यहां से रवाना हो सकी। इसके पूर्व भुवनेश्वर से भी यह उड़ान तकरीबन चार घंटे की देरी से शाम पौने चार बजे यहां पहुंच सकी थी। वहीं दिल्ली उड़ान भी दोपहर 2.25 की जगह 3.50 बजे यहां पहुंची। बाद में इसे शाम 4.30 बजे रवाना किया जा सका, जबकि इंडिगो की इस उड़ान का सही समय दोपहर 2.55 बजे है। इस दौरान एयरपोर्ट में इन दोनों विमानों से कुल 457 यात्रियों की आवाजाही हुई।