कोरोना कर्फ्यू से पहले आगरा देश के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में टॉप-10 में बना हुआ था, लेकिन कर्फ्यू के दौरान हवा की गुणवत्ता सुधरी और अब दो दिनों से बारिश के चलते प्रदूषण के सूक्ष्म कण पीएम 2.5 में कमी आई तो आगरा प्रदेश के सबसे अच्छी हवा की गुणवत्ता वाले शहरों में दूसरे नंबर पर आ गया। सबसे बेहतर हवा हापुड़ की रही, जबकि दूसरे नंबर पर आगरा की। तीसरे नंबर पर बुलंद शहर और कानपुर की हवा की गुणवत्ता रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी की गई सूची में बुधवार को आगरा प्रदेश का दूसरा सबसे अच्छी हवा वाला शहर रहा, जहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) केवल 57 रहा। बुधवार को ताउते तूफान के कारण आगरा समेत पूरे प्रदेश में मौसम बदल गया, जिसका असर प्रदूषण पर पड़ा। प्रदूषण स्तर में हर शहर में कमी आई।