आगरा-दिल्ली रेलमार्ग पर शुक्रवार को उस वक्त अजब स्थिति बन गई, जब रुनकता-कीठम के बीच दिल्ली की ओर जा रहीं पटना-कोटा एक्सप्रेस और सचखंड एक्सप्रेस एक ही ट्रैक पर पहुंच गईं। प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। सोशल मीडिया पर दो ट्रेनों के एक ही ट्रैक पर पहुंचने की घटना पर लोग टिप्पणियां करने लगे। हालांकि रेलवे अफसरों का कहना है कि इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। इसकी जांच भी करा ली गई है।
आगरा कैंट रेलवे स्टेशन से शुक्रवार की सुबह कोहरे में गाड़ी संख्या (03239) पटना-कोटा एक्सप्रेस मथुरा की ओर जा रही थी। रास्ते में इंजन में खामी आने के कारण दूसरा इंजन भेजा गया, तब दूसरे इंजन से उसे मथुरा तक ले जाया जा रहा था। इसके बाद ही गाड़ी संख्या (02716) सचखंड एक्सप्रेस भी मथुरा की ओर जा रही थी।